Vaishali Dowry Harassment Case : वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना के कारण विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने छह माह से फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को मुजफ्फरपुर जिले से पकड़कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा जा रहा है.
छह माह बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
जानकारी अनुसार पटेढ़ी बेलसर थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के बड़ा दाऊद गांव निवासी देवेंद्र राम के रूप में हुई है.
दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी पर आरोप है कि वह अपनी पत्नी पिंकी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करता था. शिकायत में कहा गया है कि शादी के समय मायके पक्ष की ओर से नगद राशि सहित अन्य उपहार दिए गए थे. इसके बावजूद आरोपी टीवी, फ्रिज और कूलर की मांग करता रहा. मांग पूरी नहीं होने पर वह पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करता था.
मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर की थी आत्महत्या
मृतका के पिता सुखदेव राम, जो बेलसर थाना क्षेत्र के साइन गांव के निवासी हैं, ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि दहेज प्रताड़ना से तंग आकर उनकी पुत्री पिंकी मायके आ गई थी. इसके बाद भी आरोपी मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करते हुए दहेज की मांग करता रहा. शिकायत के अनुसार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पिंकी ने 8 नवंबर 2025 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
तकनीकी अनुसंधान के आधार पर हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद बेलसर थाना में दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था. पुलिस ने लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर उसे मुजफ्फरपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया शुरू की
बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
