Hajipur News : नगर के जढ़ुआ स्थित ऐतिहासिक हजरत मामू-भांजा दरगाह (खानदान-ए-ख्वाजा गरीब नवाज रहमतुल्लाह अलैह) के 606वें सालाना उर्स के अवसर पर बुधवार को अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. उर्स के दौरान कुरानख्वानी, फातिहाख्वानी और चादरपोशी के कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस मौके पर देश में अमन, शांति, एकता और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई.
गुस्ल के बाद शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रम
मंगलवार रात मजार शरीफ का गुस्ल (अभिषेक) किए जाने के बाद बुधवार सुबह कुरानख्वानी और फातिहाख्वानी का आयोजन हुआ. शाम करीब छह बजे जिला प्रशासन, नगर परिषद और शहीद-ए-आजम कमेटी की ओर से चादरपोशी की गई. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मजार पर हाजिरी लगाकर अपनी मन्नतें मांगीं.
फूल, चादर और इत्र अर्पित कर मांगी दुआ
वैशाली समेत राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे अकीदतमंदों ने दरगाह पर फूल, चादर, शिरनी, अगरबत्ती और इत्र अर्पित किए. श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए दुआ मांगी. सुबह से ही दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा.
सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल है यह दरगाह
दरगाह की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग समान श्रद्धा और आस्था के साथ हाजिरी लगाते हैं. दोनों समुदाय के श्रद्धालु एक साथ अमन, शांति और भाईचारे की दुआ करते हैं, जो सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल माना जाता है.
मेले में भी जुटी लोगों की भीड़
उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया. दरगाह के समीप लगे पारंपरिक मेले में भी देर शाम तक लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही. श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया और धार्मिक आयोजनों में भागीदारी की.
आयोजन को सफल बनाने में जुटी रही कमेटी
उर्स के सफल आयोजन में कमेटी के संस्थापक सचिव मो. नसीम अहमद के नेतृत्व में मौलाना इश्तेयाक अहमद कादरी (इमाम साहब), मो. आरिफ कुरैशी, मो. जमील मास्टर, मो. एजाज उर्फ लड्डू, सूफी मोजम्मिल कादरी, अख्तर रजा गुड्डू, मो. वसीम अशरफी, मो. निजामुद्दीन, मो. रिजवान, नूर मोहम्मद बाबा, मो. शाहनवाज हुसैन बादशाह, मो. दानिश रजा, सुबोध राय, सोनू यादव, साधु राय, तौफीक रजा, मो. उजाले, मो. आशिफ पेंटर, बबलू सुल्तान सहित कमेटी के अन्य सदस्य व्यवस्था संभालने में जुटे रहे.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
