PNG Connection: जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के विस्तार के तहत हाजीपुर के सांची पट्टी क्षेत्र में पीएनजी की मेन लाइन में पाइप बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है. अब क्षेत्र के इच्छुक परिवारों को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की जा रही है.
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति मुनेश कुमार ने सांची पट्टी में आईओसीएल द्वारा अधिकृत एजेंसी के माध्यम से किये जा रहे कार्यों का स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान संबंधित एजेंसी से कार्य की प्रगति की जानकारी ली गयी.
मेन लाइन का काम पूरा, जल्द शुरू होगा पंजीयन
अधिकृत एजेंसी ने बताया कि मेन लाइन में पाइप लगाने का काम पूरा हो चुका है. अब शीघ्र ही इच्छुक उपभोक्ताओं का ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से पंजीयन कर पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जायेगा.
इसके लिए नगर परिषद, हाजीपुर एवं आईओसीएल की अधिकृत एजेंसी की संयुक्त टीम घर-घर जाकर लोगों को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी. साथ ही इच्छुक उपभोक्ताओं का पंजीयन भी किया जायेगा.
पीएनजी विस्तार की नियमित मॉनिटरिंग
पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के अभियान की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रगति की समीक्षा की जा रही है. जिला पदाधिकारी ने उन क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है, जहां पीएनजी की आपूर्ति पहले से शुरू हो चुकी है. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने गैस मीटर को समय पर रिचार्ज कराकर चालू रखने की अपील की है, ताकि पीएनजी सेवा का निर्बाध लाभ मिलता रहे.
सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल ईंधन का विकल्प
जिला पदाधिकारी ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि पाइप्ड नेचुरल गैस सुरक्षित, सुलभ एवं पर्यावरण के अनुकूल ईंधन विकल्प है. जिन क्षेत्रों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, वहां अधिक से अधिक परिवार पीएनजी कनेक्शन प्राप्त कर इसका लाभ उठाएं.
