Hajipur News: विश्व मानव व्यापार निरोध दिवस के अवसर पर गुरुवार को हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को मानव तस्करी, चेन स्नेचिंग तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना था.
अभियान का नेतृत्व जीआरपी की एएसआई शालिनी गुप्ता ने किया. उनके साथ रवि रंजन कुमार, महिला सिपाही मधु, बिंदु, शिल्पी कुमारी, सुरेन्द्र पासवान और गोरों सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे. पुलिस टीम ने बैनर के साथ स्टेशन परिसर और विभिन्न प्लेटफॉर्मों का भ्रमण किया तथा माइकिंग के जरिए यात्रियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी.
यात्रियों को दिए गए सुरक्षा संबंधी निर्देश
जीआरपी ने यात्रियों को सलाह दी कि अकेले सफर कर रही महिलाएं और बच्चे किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लें. यात्रा के दौरान अपने सामान पर लगातार नजर रखें और रात में विशेष सतर्कता बरतें. पुलिस ने यात्रियों से कहा कि प्लेटफॉर्म पर अकेले रुकने से बचें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी रखें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत जीआरपी या आरपीएफ को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
मानव तस्करी के झांसे से बचने की अपील
माइकिंग के माध्यम से यात्रियों को बताया गया कि मानव तस्करी से जुड़े गिरोह अक्सर नौकरी, शादी या अन्य सहायता का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं. ऐसे प्रलोभनों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई. पुलिस ने यात्रियों को आपात स्थिति में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और जीआरपी कंट्रोल रूम से संपर्क करने की जानकारी भी दी.
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : एएसआई
एएसआई शालिनी गुप्ता ने कहा कि महिला यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. त्योहारी सीजन और भीड़भाड़ वाले दिनों को देखते हुए स्टेशन परिसर में विशेष निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने यात्रियों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. अभियान के दौरान यात्रियों ने भी रुचि दिखाई और पुलिसकर्मियों से सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की. जीआरपी ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे.
