पटेढ़ी बेलसर प्रखंड में 22 दिनों से बंद नल-जल योजना, बूंद-बूंद पानी को तरसे परिवार

Hajipur News: पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से ठप है जलापूर्ति, भीषण गर्मी में ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

Hajipur News:(विनय पटेल) वैशाली जिले के पटेढ़ी बेलसर प्रखंड अंतर्गत सोरहत्था पंचायत के वार्ड संख्या-10 में नल-जल योजना पिछले 22 दिनों से पूरी तरह ठप पड़ी है. भीषण गर्मी के बीच शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बंद होने से वार्ड के करीब 110 परिवारों के सामने गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है.

वार्डवासी बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं और दूसरे पड़ोसियों के चापाकलों पर निर्भर होकर किसी तरह अपनी प्यास बुझा रहे हैं.

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बंद हुई जलापूर्ति

ग्रामीणों के अनुसार भूमिगत पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण नल-जल योजना से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है. कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद पीएचईडी विभाग की ओर से अब तक पाइप बदलने या स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है. इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

आश्वासन के बाद भी शुरू नहीं हुआ मरम्मत कार्य

वार्ड के अनुरक्षक रामप्रवेश सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विभाग के कनीय अभियंता मौके पर पहुंचे थे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने तीन दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त पाइप बदलकर जलापूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ.

उन्होंने कहा कि विभागीय उदासीनता के कारण वार्डवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.

भीषण गर्मी में बढ़ी लोगों की मुश्किलें

ग्रामीण डॉ. राजकिशोर सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में पानी की समस्या लोगों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बन गई है. कई परिवारों को पड़ोसियों के चापाकल से पानी लाना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पानी टंकी के स्ट्रक्चर का प्लेट भी टेढ़ा हो चुका है, जिससे भविष्य में बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.

जल्द समाधान की मांग

वार्डवासियों ने जिला प्रशासन एवं पीएचईडी विभाग से अविलंब क्षतिग्रस्त पाइपलाइन बदलकर जलापूर्ति बहाल कराने तथा पानी टंकी की मरम्मत कराने की मांग की है.

Also Read : मांझा में दहेज हत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, नामजद आरोपी मिथलेश यादव गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >