Hajipur News : (कैफ अहमद) हाजीपुर शहर के राज पैलेस में शनिवार को वैश्य समाज सम्मान समारोह सह वैश्य सामाजिक एकता सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. सम्मेलन में बड़ी संख्या में वैश्य समाज के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और विभिन्न जिलों से आए समाज बंधुओं ने भाग लिया.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया.
एकजुट समाज ही कर सकता है बड़ा बदलाव : श्वेता गुप्ता
मुख्य अतिथि मंत्री श्वेता गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज हमेशा से राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, व्यापार, सामाजिक समरसता और जनसेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है. उन्होंने कहा कि यदि समाज में एकता, संगठन और सहयोग की भावना मजबूत हो जाए तो सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और व्यापारिक क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन संभव है.
उन्होंने कहा कि संगठित समाज न केवल अपनी प्रगति सुनिश्चित करता है, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है.
Vaishya Samaj Ekta Sammelan:वक्ताओं ने भी एकता पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता, विधान परिषद सदस्य तरुण चौधरी, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, बिहार पिछड़ा आयोग के पूर्व सदस्य प्रो. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता, वैशाली जिला परिषद अध्यक्ष आशुतोष कुमार दीपू, लालगंज नगर परिषद अध्यक्ष कंचन साह, अंकुर गुप्ता, सुन्दर साहु, रितु जायसवाल और सुषमा साहु ने भी अपने विचार रखे.
सभी वक्ताओं ने कहा कि वैश्य समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है. यदि समाज संगठित होकर कार्य करे तो वह सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और व्यापारिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है.
उत्कृष्ट योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित
सम्मेलन के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली ममता साहु, पूनम गुप्ता, कामिनी चौधरी, अनिता देवी और प्रमिला चौधरी को सम्मानित किया गया. उनके कार्यों की सराहना करते हुए समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया.
समाज की एकजुटता पर दिया गया बल
कार्यक्रम के संयोजक राजन कुमार साह उर्फ राजन कुंद्रा ने अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत करते हुए समाज की एकजुटता पर बल दिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीकृष्ण कुमार आजाद ने की. मंच संचालन डॉ. एसके विद्यार्थी ने किया, जबकि सह-संचालन राजेश कुमार चौधरी और सुजीत कुमार ललन ने किया. अंत में ऋषु चौधरी उर्फ राजा चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे समाज के लोग
कार्यक्रम में सतीश जायसवाल, डॉ. मनोज कुमार गुप्त, शत्रुघ्न गुप्ता, किरण गुप्ता, संजय गुप्ता, गंगा प्रसाद गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
