Hajipur News (सुशील कुमार सिंह की रिपोर्ट): वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के नामीडीह गांव में रविवार देर शाम दो सहोदर भाइयों के बीच आपसी विवाद हिंसक हो गया. इस घटना में बड़े भाई 30 वर्षीय आशुतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल और लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और कई नमूने एकत्र किए.
पुलिस अधिकारियों ने मृतक के पिता नवल सिंह, मां मंजू देवी और आरोपी छोटे भाई अंकित कुमार की पत्नी काजल देवी से पूछताछ की. एसडीपीओ ने बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान दोनों भाइयों में मारपीट हुई थी, जिसमें आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतक के व्यवहार को लेकर ग्रामीणों में चर्चा
पुलिस के अनुसार मृतक आशुतोष कुमार नशे का आदी था और पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका था. ग्रामीणों के मुताबिक वह अक्सर विवाद और गाली-गलौज करता था, जिससे परिवार भी परेशान रहता था. इसी तरह के विवाद को लेकर रविवार को छोटे भाई अंकित से कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे होगी कार्रवाई
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read: Hajipur News: थाना के सामने दुकान में चोरी मामले में एक चोर और सामान खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार
