भीषण गर्मी में महनार के वार्ड 16 में गहराया जलसंकट, डेढ़ महीने से ठप नल-जल आपूर्ति

Hajipur News: भीषण गर्मी में महनार के वार्ड 16 में गहराया जलसंकट,शिकायतों के बाद नगर परिषद ने टैंकर से कराई पानी की व्यवस्था, पाइपलाइन मरम्मत का काम शुरू

Hajipur News: (कृत्यानंद सिंह) वैशाली जिले के महनार नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 में पिछले डेढ़ महीने से नल-जल योजना की पानी आपूर्ति ठप रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी के बीच जलापूर्ति बाधित होने से पूरे इलाके में पानी संकट गहरा गया है. लोगों को पीने, खाना बनाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए दूर-दराज के इलाकों से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है.

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान नल-जल योजना की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद पूरे वार्ड में नियमित जलापूर्ति बंद हो गई. लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद, संबंधित विभाग और कार्य एजेंसी से शिकायत की गई, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी.

शिकायतों के बाद नगर परिषद ने कराई अस्थायी व्यवस्था

लगातार शिकायतों और बढ़ती परेशानी के बाद नगर परिषद की ओर से वार्ड में पानी का टैंकर भेजकर अस्थायी व्यवस्था कराई गई. गुरुवार सुबह टैंकर पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग बाल्टी, डिब्बा और अन्य बर्तन लेकर पानी भरने पहुंचे. लंबे समय बाद वार्ड में पानी पहुंचने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन लोगों ने कहा कि टैंकर व्यवस्था स्थायी समाधान नहीं है.

स्थानीय निवासी अजय पासवान, नागेंद्र पासवान, संजय कुमार, पप्पू पासवान, आदिल पासवान समेत अन्य लोगों ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से पानी संकट के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है. लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकना काफी मुश्किल हो गया है.

एसडीओ के निर्देश के बाद तेज हुई कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए महनार एसडीओ नीरज कुमार ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को जल्द जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया था. इसके बाद नगर परिषद प्रशासन की ओर से टैंकर भेजकर पानी उपलब्ध कराया गया.

नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित विभाग के सहयोग से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है.

लोगों ने जल्द समाधान की उठाई मांग

वार्डवासियों ने प्रशासन से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कर नियमित नल-जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी जैसी बुनियादी सुविधा का बाधित होना बड़ी समस्या बन गया है. हालांकि नगर परिषद द्वारा टैंकर भेजे जाने से लोगों ने राहत महसूस की और उम्मीद जताई कि जल्द ही वार्ड में फिर से नियमित जलापूर्ति शुरू हो जाएगी.

Also Read : मांझा में दहेज हत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, नामजद आरोपी मिथलेश यादव गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >