Hajipur News: (विनय पटेल) हाजीपुर प्रखंड क्षेत्र में संचालित मुख्यमंत्री नल-जल योजना की जलापूर्ति पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं होने से नाराज अनुरक्षकों ने 15 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने और नल-जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति बंद करने की चेतावनी दी है. इस संबंध में प्रखंड अनुरक्षक संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित सूचना देकर अपनी मांगों से अवगत कराया है.
पंचायत अधिकारियों पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप
बीडीओ को सौंपे गए पत्र में अनुरक्षकों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत राज पदाधिकारी और पंचायत सचिव लगातार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं. कई बार मानदेय भुगतान की मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे अनुरक्षकों में भारी नाराजगी है.
जिला पदाधिकारी के निर्देश के बावजूद नहीं हुआ भुगतान
पत्र में कहा गया है कि जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जिन अनुरक्षकों की निजी भूमि पर नल-जल योजना की पानी टंकी स्थापित है, उन्हें निर्धारित मानदेय का भुगतान किया जाए. इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है और भुगतान की प्रक्रिया लंबित पड़ी हुई है.
15 जून से जलापूर्ति ठप करने की चेतावनी
अनुरक्षकों का कहना है कि लंबे समय से बिना मानदेय के कार्य करना उनके लिए कठिन हो गया है. यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो 15 जून से प्रखंड की सभी नल-जल योजनाओं के तहत जलापूर्ति अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी जाएगी. इससे हजारों ग्रामीण परिवारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है.
कई अनुरक्षकों ने किया समर्थन
प्रखंड अनुरक्षक संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन पर राहुल कुमार राम, हसीना खातून, चंदन कुमार, विश्वनाथ लाल राम, शंभू दास, अनिल कुमार, ऊषा देवी, पिंकी देवी सहित डेढ़ दर्जन से अधिक अनुरक्षकों के हस्ताक्षर हैं. संघ ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने और लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के किसानों के लिए खुशखबरी: 75% अनुदान पर मिलेगा नारियल का पौधा, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
