हौसलों की उड़ान: पातेपुर के ग्रामीण युवाओं ने बिहार पुलिस बहाली में लहराया परचम

Hajipur News: निजी फिजिकल एकेडमी से तैयारी कर 20 से अधिक युवक-युवतियों ने हासिल की सफलता, सफल अभ्यर्थियों को पुलिस पदाधिकारियों ने किया सम्मानित

Hajipur News: (गोपाल कुमार) मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है. इस कहावत को पातेपुर जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों ने सच साबित कर दिखाया है.

पातेपुर प्रखंड के नीरपुर गांव स्थित विश्वनाथ राय डिग्री कॉलेज परिसर में संचालित एक निजी फिजिकल एकेडमी में तैयारी कर 20 से अधिक युवक एवं युवतियों ने बिहार पुलिस बहाली में सफलता हासिल की है. बिहार पुलिस बहाली की फाइनल मेरिट सूची में नाम आने के बाद पातेपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया.

दो दिन पूर्व जारी हुई थी मेरिट लिस्ट

दो दिन पूर्व बिहार पुलिस द्वारा 19,838 पदों पर बहाली के लिए सफल अभ्यर्थियों की फाइनल मेरिट सूची जारी की गई थी. इसमें लगभग 12 हजार अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. मेरिट सूची में नाम आने के बाद चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है.

पातेपुर के सैदपुर डुमरा, नीरपुर, रसलपुर समेत विभिन्न गांवों के 20 से अधिक अभ्यर्थियों ने गांव में रहकर निजी एकेडमी में फिजिकल की तैयारी की थी. चयन के बाद एकेडमी संचालक की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.

तीन महीने की मेहनत लाई रंग

सफल अभ्यर्थियों में सैदपुर डुमरा की निकिता कुमारी, नीरपुर के नीतीश कुमार, बहुआरा के बिट्टू कुमार एवं अंकित कुमार, मूसापुर के नवनीत कुमार, टेकनारी के रोहित कुमार, बहुआरा की रीता कुमारी, बकाढ़ की खुशबू कुमारी, गुड़िया कुमारी सहित अन्य शामिल हैं.

अभ्यर्थियों ने बताया कि लिखित परीक्षा का परिणाम आने के बाद सभी ने तीन महीने तक लगातार कठिन परिश्रम करते हुए फिजिकल टेस्ट की तैयारी की. फिजिकल टेस्ट में सफलता मिलने के बाद फाइनल मेरिट सूची में उनका नाम आया. उन्होंने कहा कि यदि हौसले बुलंद हों तो कोई भी बाधा युवाओं को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती.

Also Read:  पटना नगर निगम: सशक्त स्थायी समिति चुनाव के लिए देर रात तक चली बैठक, आज जारी होगी उम्मीदवारों की लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >