Hajipur News : परीक्षा रद्द होने पर हाजीपुर में छात्रों का भारी हंगामा, मुख्य मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर बिहार विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टर-3 की दूसरी पाली की परीक्षा अचानक स्थगित किए जाने से नाराज छात्रों ने हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया. परीक्षा केंद्र पहुंचने पर गेट पर नोटिस देखकर भड़के छात्रों ने जमकर नारेबाजी की जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया.

Hajipur News (कैफ अहमद) : बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय द्वारा एफवाईयूजी (CBCS) सेमेस्टर-3 की द्वितीय पाली की परीक्षा अचानक स्थगित किए जाने से सोमवार को हाजीपुर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. नाराज छात्र-छात्राओं ने हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को पुलिस लाइन के पास पूरी तरह जाम कर प्रदर्शन किया. अचानक हुए इस चक्काजाम के कारण सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ घंटों तक बुरी तरह बाधित रहा.

कॉलेज पहुंचने पर मिला परीक्षा रद्द होने का नोटिस

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें बेवजह मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. कई छात्र-छात्राएं दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से भारी किराया खर्च कर परीक्षा देने केंद्र पहुंचे थे. लेकिन जब वे कॉलेज पहुंचे, तो गेट पर चिपके नोटिस से पता चला कि दूसरी पाली की परीक्षा अगले आदेश तक रद्द कर दी गई है, जिससे उनका आक्रोश बढ़ गया.

पेपर लीक की आशंका पर भड़के छात्र

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि प्रथम पाली की परीक्षा तो सामान्य रूप से हुई, लेकिन दूसरी पाली शुरू होने से ठीक पहले अचानक नोटिस जारी कर दिया गया. यदि परीक्षा स्थगित ही करनी थी तो इसकी सूचना पहले दी जानी चाहिए थी. कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रश्न पत्र लीक होने की आशंका के कारण आनन-फानन में परीक्षा रद्द की गई है, हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया जाम

मुख्य मार्ग पर हंगामे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को काफी देर तक समझा-बुझाकर शांत कराया. काफी मशक्कत के बाद छात्रों ने सड़क से जाम हटाया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को दोबारा सामान्य कराया. विश्वविद्यालय द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक 18 मई को स्थगित हुई इस परीक्षा की अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी.

Also Read:जहानाबाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता: सुपारी किलर गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, घर से हथियार और कारतूस बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >