हाजीपुर में कागजों तक सिमटा अतिक्रमण हटाओ अभियान, कार्रवाई के बाद फिर सज जाती हैं दुकानें

Hajipur News: हाजीपुर में जिला प्रशासन और नगर परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान बेअसर साबित हो रहा है. स्टेशन रोड और गांधी चौक सहित शहर के मुख्य मार्गों पर कार्रवाई के कुछ ही घंटों बाद दोबारा अवैध दुकानें सज जाती हैं. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने जल्द ही वेंडिंग जोन का नियम न मानने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

Hajipur News(कैफ अहमद): जिला प्रशासन और नगर परिषद हाजीपुर की ओर से पिछले कई महीनों से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की जमीनी हकीकत दावों से बिल्कुल जुदा है. प्रशासनिक मुस्तैदी और जुर्माने की कार्रवाई के बावजूद शहर की मुख्य सड़कों, बाजारों और चौक-चौराहों पर अवैध कब्जा हटने का नाम नहीं ले रहा है, जिसके कारण आम जनता को रोजाना भीषण जाम और अव्यवस्था से जूझना पड़ रहा है.

कार्रवाई खत्म होते ही फिर सज जाते हैं ठेले-खोमचे

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन का यह अभियान महज खानापूर्ति बनकर रह गया है. जब प्रशासनिक टीम सड़क पर उतरती है, तो कुछ घंटों के लिए सड़कें खाली नजर आती हैं. लेकिन जैसे ही अधिकारी वापस लौटते हैं, फुटपाथ और सड़कों पर दोबारा दुकानें सज जाती हैं. बता दें कि शहर का स्टेशन रोड, राजेंद्र चौक, कचहरी रोड, गांधी चौक और त्रिमूर्ति चौक इस समस्या से सबसे ज्यादा ग्रसित हैं. इन व्यस्त इलाकों में सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाने वालों से लेकर बड़े दुकानदारों तक ने फुटपाथ को अपने कब्जे में ले रखा है. कई जगहों पर तो टेंट लगाकर स्थायी रूप से दुकानें चलाई जा रही हैं, जिससे सड़कें बेहद संकरी हो गई हैं.

बीएसएनएल गोलंबर अभियान का भी नहीं दिखा स्थाई असर

हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा बीएसएनएल गोलंबर से लेकर स्टेशन चौक तक एक बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया था. इस दौरान कई दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया और अवैध सामग्रियां भी जब्त की गईं. इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है. शहरवासियों का कहना है कि जब तक कोई ठोस और स्थायी रणनीति नहीं बनाई जाएगी, तब तक ऐसे अभियानों का कोई बड़ा असर देखने को नहीं मिलेगा. वर्तमान स्थिति यह है कि इन इलाकों में राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है.

अधिकारी का पक्ष: वेंडिंग जोन न जाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

इस पूरे मामले पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान एक नियमित प्रक्रिया है और इसे आगे भी व्यापक रूप से चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि हम लोग लगातार ठेला और खोमचा लगाने वालों से अपील कर रहे हैं कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित वेंडिंग जोन में ही अपनी दुकानें लगाएं. इसके बाद भी जो लोग नियमों का उल्लंघन करेंगे और बात नहीं मानेंगे, उन पर आने वाले दिनों में सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Also Read:समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता बनीं शेखपुरा की प्रभारी मंत्री, नेताओं ने दी बधाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >