Hajipur News: (दिलीप कुमार) महुआ प्रखंड क्षेत्र के शेरपुर मानिकपुर पंचायत स्थित बहोरी के विश्वकर्मा मंदिर परिसर में बिहार अनुसूचित जन जाति लोहार युवा मोर्चा, वैशाली के बैनर तले एकदिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में लोहार समाज के विकास, रोजगार और सामाजिक उत्थान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्मेलन का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मोर्चा के संयोजक डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. सम्मेलन की अध्यक्षता चंद्रभूषण शर्मा ने की, जबकि संचालन पूर्व मुखिया रामकृपाल ठाकुर ने किया.
रोजगार और आर्थिक चुनौतियों पर रखी गई बात
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक और नए आविष्कारों के कारण लोहार समाज के पारंपरिक व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है. उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर कम होने से कई परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षण मिलने के बावजूद अनेक लोगों को अपेक्षित रोजगार नहीं मिल सका, जिससे बढ़ती महंगाई के दौर में परिवारों के समक्ष चुनौतियां बनी हुई हैं.
मेधावी छात्र-छात्राओं का किया गया सम्मान
सम्मेलन के दौरान वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पठन सामग्री और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया. वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में डॉ. अरुण कुमार शर्मा, नीलम शर्मा, डॉ. अशोक शर्मा, मुकेश ठाकुर, पुष्पा रानी, संतोष शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, गणेश शर्मा, राजा शर्मा, मोहन शर्मा, रमेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
