हाजीपुर बाढ़ राहत शिविर पहुंचे पप्पू यादव, महिलाओं को बांटे आर्थिक सहायता; भोजन पर उठाए सवाल

गंगा-गंडक के बढ़ते जलस्तर से हाजीपुर-राघोपुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ का प्रकोप है. इस बीच, पप्पू यादव देर रात राहत शिविर पहुंचे, बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं और 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता बांटी. उन्होंने राहत शिविरों में भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए.

Pappu Yadav Flood Relief: गंगा-गंडक के बढ़े जलस्तर के कारण हाजीपुर-राघोपुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. इसी बीच पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव देर रात गंगा ब्रिज थाना के सामने स्थित बाढ़ राहत शिविर पहुंचे. उन्होंने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और राहत व्यवस्था का जायजा लिया.

महिलाओं को बांटे 500-500 रुपये

पप्पू यादव ने राहत शिविर में रह रही सैकड़ों महिलाओं के बीच 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की. उनके अनुसार, जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद के साथ सूखा राशन, राहत सामग्री और सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराये गये.

उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उनकी परेशानियों और जरूरतों की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने कहा कि आपदा के समय जनप्रतिनिधियों को राजनीति से ऊपर उठकर जनता के बीच रहना चाहिए और जरूरतमंद लोगों की मदद करनी चाहिए.

नाव से रात में बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा

राहत शिविर का जायजा लेने के बाद पप्पू यादव ने नाव के सहारे रात में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर बाढ़ की स्थिति और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली.

दाल-चावल खाकर परखी भोजन की गुणवत्ता

राहत शिविर में तैयार किये जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी पप्पू यादव ने सवाल उठाये. उन्होंने शिविर में तैयार दाल, चावल और सब्जी का भोजन खुद खाकर उसकी गुणवत्ता परखी.

भोजन चखने के बाद उन्होंने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि दाल जली हुई है और चावल की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है. उन्होंने राहत शिविरों में बाढ़ पीड़ितों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी की मांग की.

तेजस्वी यादव और चिराग पासवान पर साधा निशाना

मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव और स्थानीय सांसद चिराग पासवान पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच रहकर उनकी मदद करनी चाहिए.

इस दौरान पिंटू यादव, रूपक भोला, ज्ञान सौरभ ज्ञानू, सुजीत कुमार भोला समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >