Hajipur News: वैशाली जिले के हाजीपुर सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नदियों के बढ़ते जलस्तर ने विकराल रूप ले लिया है. शनिवार की देर रात गंडक नदी के तेज बहाव और जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि के कारण उत्तरी अकिलाबाद स्थित रिंग बांध अचानक टूट गया. बांध टूटने से गंडक और गंगा का उफनता पानी तेज गति से रिहायशी इलाकों में फैल गया. आधी रात के वक्त जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी घरों में अचानक तीन से चार फीट पानी प्रवेश कर गया. अचानक आई इस जल-प्रलय से ग्रामीणों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.
600 से अधिक घरों में घुसा पानी, छतों और ऊंचे स्थानों पर गुजारी रात
रिंग बांध के टूटने से सदर प्रखंड की गदाई सराय पंचायत के वार्ड संख्या 1, 2, 8, 9 एवं 14 तथा इस्माइलपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में भारी तबाही मची है. इन दोनों पंचायतों के करीब 500 से 600 घर पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं, जिससे लगभग दो हजार से अधिक की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित हुई है. जिन लोगों के पक्के मकान हैं, वे अपने पूरे परिवार और जरूरी सामान के साथ छतों पर शरण लिए हुए हैं तथा वहीं चूल्हा जलाकर खाना बनाने को मजबूर हैं. वहीं कच्चे मकान वाले गरीब परिवार बेघर होकर ऊंचे तटबंधों पर तिरपाल और तंबू तानकर रात बिता रहे हैं.
मवेशियों के चारे का संकट, भुखमरी की कगार पर पहुंचे बाढ़ पीड़ित
बाढ़ का पानी तेजी से फैलने के कारण इंसानों के साथ-साथ मवेशियों के सामने भी जीवन रक्षा का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. पशुओं के चारे और सुरक्षित स्थान के अभाव में किसान बेबस नजर आ रहे हैं. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि घरों में रखा सारा अनाज और घरेलू सामान पानी में भीगकर नष्ट हो चुका है. यदि प्रशासन द्वारा अविलंब सूखा राशन और राहत सामग्री का वितरण नहीं कराया गया, तो बाढ़ पीड़ितों के सामने दो वक्त की रोटी का घोर संकट पैदा हो जाएगा.
प्रशासनिक सुस्ती पर भड़के ग्रामीण, रिंग बांध की मरम्मत की मांग
घटना के इतने घंटे बीत जाने के बावजूद टूटे हुए रिंग बांध की मरम्मत या कटावरोधी कार्य शुरू न कराए जाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में जिला प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है. स्थानीय समाजसेवी कुंदन कुमार, वार्ड सदस्य राहुल कुमार और पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि देर रात पानी घुसने के बाद से अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस मदद नहीं पहुंची है. जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब युद्धस्तर पर रिंग बांध की मरम्मत कराने, क्षेत्र में राहत नावें चलाने और पीड़ितों के लिए कम्युनिटी किचन शुरू करने की मांग की है.
Also Read: बाढ़ के पानी में फंसे तीन नागरिकों की वैशाली डीएम ने बचायी जान, राघोपुर में संभाला मोर्चा
