Road accident in Hajipur : हाजीपुर महुआ थाना क्षेत्र के न्यू बाइपास रोड स्थित विशनपुर बेझा गांव में सोमवार की शाम अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल चार वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान पीएमसीएच में मौत हो गयी. मृतका विशनपुर बेझा गांव निवासी रोहित कुमार पासवान की पुत्री सृष्टि कुमारी थी. मंगलवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव गांव पहुंचते ही लोग आक्रोशित हो गये. आक्रोशित लोगों ने शव को हाजीपुर-महुआ मार्ग पर उम्ताहा के पास सड़क पर रखकर बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया. करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
दरवाजे पर खेल रही थी बच्ची
परिजनों के अनुसार सोमवार की शाम सृष्टि अपने घर के दरवाजे पर खेल रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया. हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों की मदद से परिजन बच्ची को इलाज के लिए महुआ अनुमंडल अस्पताल ले गये. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया.
इलाज के दौरान बच्ची ने तोड़ा दम
परिजन बच्ची को पीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां मंगलवार की दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. पीएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे. शव घर पहुंचते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर दिया.
मुआवजे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को हाजीपुर-महुआ मार्ग पर लाइन होटल के पास सड़क पर रख दिया. लोगों की मांग थी कि मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाये. सड़क जाम की सूचना महुआ थाना पुलिस को दी गयी.
चार घंटे तक जाम रहा हाजीपुर-महुआ मार्ग
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाया और सड़क जाम हटवाया. करीब चार घंटे तक जाम रहने के कारण सड़क के दोनों ओर काफी दूर तक वाहनों की कतार लग गयी. कई यात्री बसों के फंसे रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
क्या कहती है पुलिस
थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि विशनपुर बेझा गांव में अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल बच्ची की इलाज के दौरान पटना में मौत हुई थी. लोगों ने थोड़ी देर के लिए सड़क जाम किया था. समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया गया, जिसके बाद सड़क जाम हटा दिया गया. फिलहाल स्थिति सामान्य है.
