हाजीपुर में गंडक खतरे के निशान से नीचे, लालगंज में खतरे के ऊपर बह रही, चार जगह एसडीआरएफ तैनात

हाजीपुर में गंगा और गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, जिला प्रशासन ने तटीय इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज किए।

Hajipur News : हाजीपुर ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश और सहायक नदियों के बढ़ते प्रवाह के कारण गंगा और गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है. स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. नदियों के जलस्तर की सतत निगरानी के साथ तटीय और दियारा क्षेत्रों में सुरक्षा, राहत एवं बचाव की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है.

गंडक खतरे के निशान से 14 सेमी ऊपर

प्रशासन के अनुसार लालगंज में गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान 50.50 मीटर से 14 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है और इसमें लगातार वृद्धि हो रही है. वहीं गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 48.60 मीटर से 94 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया है. गंगा के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि जारी है. रेवा घाट पर जलस्तर फिलहाल स्थिर है. केंद्रीय जल आयोग और जल संसाधन विभाग की टीमें जलस्तर एवं नदी के प्रवाह की लगातार निगरानी कर रही हैं.

छह प्रखंडों में प्रशासनिक निगरानी तेज

गंगा और गंडक के प्रवाह क्षेत्र से जुड़े निचले एवं दियारा इलाकों राघोपुर, बिदुपुर, हाजीपुर सदर, महनार, सहदेई बुजुर्ग और देसरी में प्रशासनिक तंत्र को विशेष रूप से सतर्क किया गया है. संबंधित अंचल अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर तटबंधों, नदी के जलस्तर और संभावित जलभराव वाले इलाकों की स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.

राघोपुर में नावों का परिचालन शुरू

राघोपुर प्रखंड की चकसिंगार पंचायत के रामपुर गांव में पानी फैलने के कारण स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए प्रशासन ने नावों का परिचालन शुरू करा दिया है. रुस्तमपुर और चकौसन घाट पर भी जरूरत के अनुसार पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन के अनुसार जिले की सीमा में स्थित सभी तटबंध और सुरक्षा बांध फिलहाल सुरक्षित हैं.

24 घंटे तटबंधों की निगरानी

तटबंधों की सुरक्षा के लिए जल संसाधन विभाग के अभियंताओं, तकनीकी कर्मियों और गृह रक्षा वाहिनी के जवानों को 24 घंटे गश्ती एवं निगरानी में लगाया गया है. बाढ़ नियंत्रण, जल निकासी, पशुपालन, स्वास्थ्य, विद्युत और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अलर्ट रखा गया है.

तटीय क्षेत्रों में जल निकासी, सुरक्षित पेयजल, आवश्यक दवाओं और एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता, पशु चारा, विद्युत सुरक्षा समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है.

चार जगह एसडीआरएफ की तैनाती

आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य के लिए हाजीपुर, महनार, राघोपुर और लालगंज में एसडीआरएफ की तैनाती की गई है. समाहरणालय स्थित जिला आपातकालीन संचालन केंद्र का नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित रहेगा.

आपदा या जलस्तर से संबंधित किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना जिला प्रशासन के नियंत्रण कक्ष के नंबर 06224-260233 और 06224-260234 पर दी जा सकती है.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >