Hajipur News : वैशाली जिले में बाढ़ प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है. राहत एवं बचाव कार्यों के साथ जिला प्रशासन ने बाढ़ पीड़ितों को अनुग्रह राहत राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भुगतान सुनिश्चित किया है. राज्य सरकार की ओर से 50,927 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में प्रति परिवार 7,000 रुपये की दर से कुल 35 करोड़ 64 लाख 89 हजार रुपये की राहत राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से भेजी गयी है.
प्रत्येक परिवार के खाते में पहुंचे 7 हजार रुपये
बाढ़ पीड़ित परिवारों को मुफ्त राहत के तहत यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गयी है. जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों का डाटा तैयार करने, उसका सत्यापन करने और जीआर भुगतान के लिए समयबद्ध तरीके से आगे भेजने की प्रक्रिया पूरी की गयी.
बाढ़ के दौरान कई इलाकों में गंभीर जलभराव
इस बार बाढ़ के दौरान नदियों का जलस्तर काफी ऊंचे स्तर तक पहुंच गया था. इससे जिले के कई इलाकों में गंभीर जलभराव के साथ आवागमन की चुनौती उत्पन्न हुई. प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा और निगरानी की गयी.
सामुदायिक रसोई से लेकर पशु चारा तक की व्यवस्था
जीआर राहत राशि के भुगतान के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई, पॉलीथिन शीट, स्वास्थ्य सेवाएं, मेडिसिन किट, पशु चारा और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करायी गयी. प्रशासन का प्रयास प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना रहा.
घटते जलस्तर के बाद सफाई पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए जलस्तर घटने के बाद स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है. प्रभावित इलाकों में आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य तेज किये जा रहे हैं. संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आम लोगों की सहायता के लिए लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है.
आपदा पीड़ितों को प्राथमिकता
राज्य सरकार के संकल्प के अनुरूप प्रशासन ने आपदा पीड़ितों को सहायता पहुंचाने को प्राथमिकता दी है. बाढ़ की कठिन परिस्थिति में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए राहत कार्यों को लगातार जारी रखा जा रहा है.
