Hajipur News : चेहराकलां प्रखंड क्षेत्र के असदपुर मैभरा गांव स्थित चवर के एक पोखर में डूबने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना बुधवार की सुबह करीब आठ बजे हुई. मृतक की पहचान गोरौल थाना क्षेत्र के विशुनपुर अड़रा पंचायत अंतर्गत हरपुर अड़रा गांव निवासी मो. आलम के पांच वर्षीय पुत्र इबराज के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मां के पीछे-पीछे चवर पहुंचा था मासूम
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह इबराज की मां चवर की ओर गई थीं. उनके पीछे-पीछे इबराज भी वहां पहुंच गया और पोखर के किनारे नहाने लगा. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई.
कपड़े देखकर हुआ हादसे का अंदेशा
कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे तो इबराज घर पर नहीं मिला. उसकी तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान पोखर के किनारे उसके कपड़े पड़े मिले, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पोखर में तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद मासूम को पानी से बाहर निकाला गया.
निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन इबराज को आनन-फानन में कटहरा चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
दो भाइयों और एक बहन में मंझला था इबराज
बताया गया कि इबराज दो भाइयों और एक बहन में मंझला था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
घटना के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, नट समुदाय के लोग अक्सर चवर में मछली और बगुले पकड़ने के लिए जाते हैं. बच्चे भी उनके साथ वहां पहुंच जाते हैं, जिसके कारण इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
Also Read : इमामगंज में 35 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी, पूछताछ के लिए एक युवक हिरासत में
