hajipur news. महनार के राजद प्रत्याशी सहित कई लोगों पर प्राथमिकी

सेक्टर पदाधिकारी के रूप में उपस्थित पुलिस पदाधिकारी एसआइ जनार्दन राय ने यह प्राथमिकी की है

जंदाहा. विधानसभा आम निर्वाचन के तहत बीते गुरुवार को संपन्न हुए मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र पर मतदान केंद्र निरीक्षण के क्रम में अर्धसैनिक बल द्वारा भीड़ को तितर बितर कर भगाने के दौरान अर्धसैनिक बल पर ईंट पत्थर से हमले किए जाने को लेकर प्राथमिकी की गयी है. महनार विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी इंजीनियर रविंद्र सिंह सहित आधा दर्जन लोगों को नामजद एवं 20 अज्ञात को आरोपित बनाया गया है.

सेक्टर पदाधिकारी के रूप में उपस्थित पुलिस पदाधिकारी एसआइ जनार्दन राय ने यह प्राथमिकी की है. प्राथमिकी में बताया गया है कि महनार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 53 एवं 54 उत्क्रमित मध्य विद्यालय भाथ दक्षिणी से करीब 200 मीटर दूरी पर कुछ लोग आपस में चुनावी माहौल को लेकर उलझ रहे थे, उसी दौरान आईटीबीपी के सशस्त्र बल अपने कंपनी कमांडर के साथ बूथ निरीक्षण को पहुंचे जहां चुनावी माहौल को लेकर आपस में उलझ रहे लोगों को सख्ती से तितर बितर कर वहां से भगाया जाने लगा. जानकारी के अनुसार उसी दौरान राजद प्रत्याशी इंजीनियर रविंद्र सिंह अपने चार पहिया वाहन से वहां पहुंचे तथा वाहन से उतरकर भीड़ की ओर गए. प्राथमिकी में आरोप है कि राजद प्रत्याशी द्वारा एकत्रित लोगों को उकसाया गया, जिसके बाद अर्ध सैनिक बल पर ईट पत्थर से पथराव होने लगा. जिस दौरान अर्धसैनिक बल को चुनावी कार्य हेतु उपयोग में लिया जा रहा स्कॉर्पियो ईट पत्थर से क्षतिग्रस्त हो गया.

जवाबी कार्रवाई में कंपनी कमांडर एवं दल बल के सहयोग से उग्र भीड़ को तितर बितर कर स्थिति नियंत्रण किया गया. घटित घटना का वीडियो मोबाइल से तैयार कर संरक्षित किया गया है. संरक्षित वीडियो में दिख रहे लोगों के संबंध में घटनास्थल पर ही आसपास के ग्रामीण के सहयोग से नाम पता का सत्यापन किया गया है. इस मामले में राजद प्रत्याशी इंजीनियर रविंद्र सिंह सहित करीब आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध नामजद एवं 20 अज्ञात के विरुद्ध मतदान के दौरान व्यक्तियों को एक जगह एकत्रित होने, भीड़ को उकसाने तथा विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने के आरोप में आरोपित बनाया गया है.

इस मामले में जंदाहा थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सेक्टर पुलिस पदाधिकारी जनार्दन राय के बयान पर राजद प्रत्याशी के विरुद्ध प्राथमिकी की गयी है. प्राथमिकी के बाद पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >