Hajipur News : हाजीपुर में औद्योगिक थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में मशहूर स्नैक्स ब्रांड के नाम पर कथित तौर पर नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में सप्लाई किये जाने का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने के बाद असली कंपनी की लीगल टीम ने पुलिस के सहयोग से फैक्ट्री में छापेमारी की. इस दौरान ब्रांडेड स्नैक्स के रैपर और कच्चा माल बरामद किया गया. वहीं पुलिस ने कंपनी के पदाधिकारी की मौजूदगी में फैक्ट्री में रखे तैयार माल को भी सील कर दिया.
ईशान स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड के सेल्स मैनेजर दीपक कुमार ने आरोपी के खिलाफ औद्योगिक थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
बाजार में डुप्लीकेट स्नैक्स बिकने की मिली थी शिकायत
दीपक कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि बाजार में कंपनी के ब्रांड के नाम पर घटिया और डुप्लीकेट स्नैक्स बेचे जा रहे हैं. इससे कंपनी की ब्रांड वैल्यू और साख को नुकसान पहुंचने के साथ उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर भी चिंता पैदा हुई थी. शिकायतों के आधार पर कंपनी ने अपने स्तर से जानकारी जुटायी, जिसके बाद मामले की सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी गयी.
लीगल टीम पहुंची हाजीपुर, पुलिस के साथ की छापेमारी
इसके बाद ईशान स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड की लीगल टीम हाजीपुर पहुंची. कंपनी की टीम और औद्योगिक थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एएफपी मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड में छापेमारी की.
चीकू और चटोरी ब्रांड के रैपर बरामद
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के गोदाम से चीकू और चटोरी ब्रांड के कथित नकली रैपर तथा रॉ-मैटेरियल बरामद किये गये. कंपनी के पदाधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में गोदाम को सील कर दिया गया. तैयार माल को भी पुलिस ने सील कर दिया है.
क्या कहती है पुलिस
औद्योगिक थानाध्यक्ष अरविंद पासवान ने बताया कि कंपनी के कर्मी की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया था. आवेदन के आधार पर गश्ती दल और कंपनी के लोगों को जांच के लिए भेजा गया. मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने नियमानुसार जांच-पड़ताल की. आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
