Hajipur News : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में 'अधिनायक अनुदेशक' पद के लिए लिखित प्रतियोगिता परीक्षा बुधवार को जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक एकल पाली में होगी. अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा, जबकि 10:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले के राज नारायण कॉलेज, जीए इंटर स्कूल, वैशाली महिला महाविद्यालय, एसएस गर्ल्स हाई स्कूल, उच्च माध्यमिक विद्यालय मीनापुर राय, उच्च विद्यालय सेन्दुआरी, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कुतुबपुर एकरा, राजकीय मध्य विद्यालय कुतुबपुर एकरा, टाउन सीनियर सेकेंडरी हाई स्कूल तथा सहयोगी उच्च माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए व्यापक प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं.
दंडाधिकारियों और पुलिस बल की रहेगी तैनाती
सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, परिवहन और वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी.
सघन जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश
अभ्यर्थियों को सघन फ्रिस्किंग के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. परीक्षा केंद्र पर केवल वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र और ई-प्रवेश पत्र के साथ ही प्रवेश की अनुमति होगी. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री के साथ प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा.
सीसीटीवी, जैमर और बायोमेट्रिक सत्यापन की रहेगी व्यवस्था
आयोग के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, हॉटलाइन, बायोमेट्रिक सत्यापन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है. प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं.
जिला नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
परीक्षा अवधि के दौरान समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा. किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए दूरभाष संख्या 06224-260220 जारी की गई है. इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर चिकित्सीय सहायता और एम्बुलेंस की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
Also Read : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राकेश कुमार सिंह ने किया स्वागत
