हाजीपुर : डिम्पी गर्ग बने पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक, संभाला पदभार

डिम्पी गर्ग ने पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण किया। वे 1990 बैच के अनुभवी अधिकारी हैं और रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।

Hajipur News : हाजीपुर पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक के रूप में मंगलवार को डिम्पी गर्ग ने पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने से पहले वे उत्तर रेलवे में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता के रूप में कार्यरत थे. भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा के 1990 बैच के अधिकारी गर्ग को रेलवे के परिचालन, संरक्षा, रोलिंग स्टॉक, बुनियादी ढांचे और नीति निर्माण का लंबा अनुभव है.

बैच के टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं गर्ग

डिम्पी गर्ग स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिसशिप के माध्यम से रेलवे सेवा में आए और अपने बैच के टॉपर एवं गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं. तीन दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने रेलवे के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिम्मेदारियां संभाली हैं. उन्होंने पश्चिम रेलवे के आबू रोड से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उत्तर रेलवे और रेलवे बोर्ड में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया.

दिल्ली मंडल के रेल प्रबंधक भी रह चुके हैं

गर्ग दिल्ली मंडल के रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी तथा रेल विकास निगम लिमिटेड में अपर महाप्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं. इन पदों पर रहते हुए उन्होंने रेलवे परिचालन, संरक्षा और विकास से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

उत्कृष्ट कार्य के लिए मिल चुके हैं कई पुरस्कार

रेलवे में उत्कृष्ट कार्य के लिए डिम्पी गर्ग को कई पुरस्कार मिल चुके हैं. वर्ष 2001 में मुंबई सेंट्रल कोचिंग डिपो को आईएसओ 9002 प्रमाणित कराने में योगदान के लिए उन्हें जीएम अवार्ड मिला था. वहीं वर्ष 2007 में रेलवे बोर्ड में निदेशक रहते हुए रोलिंग स्टॉक के आकलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए तत्कालीन रेल मंत्री ने उन्हें सम्मानित किया था.

जर्मनी समेत कई देशों में लिया विशेष प्रशिक्षण

गर्ग ने आईआरएमई से यांत्रिक इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है. उन्होंने लंदन और कोलकाता से उच्च शिक्षा भी प्राप्त की है. इसके अलावा जर्मनी, स्विट्जरलैंड, स्वीडन और आईआईएम अहमदाबाद से विभिन्न विशेष प्रशिक्षण एवं पाठ्यक्रम किए हैं.

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि डिम्पी गर्ग के अनुभव और नेतृत्व से पूर्व मध्य रेल की परिचालनिक दक्षता को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही रेल संरक्षा के मानकों को और मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल होने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >