Bishahar Fair : देसरी सोनपुर रेल मंडल के हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड पर स्थित देसरी रेलवे स्टेशन पर विषहर मेले को लेकर दो दिनों से लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. खचाखच भरी पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों से यात्री देसरी पहुंच रहे हैं और मेले का आनंद ले रहे हैं. इसके बावजूद रेल प्रशासन की ओर से स्टेशन पर यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं करायी गयी हैं.
बारिश शुरू होते ही मची आपाधापी
सोमवार को प्लेटफार्म पर भारी भीड़ के बीच अचानक बारिश शुरू होने से यात्रियों और श्रद्धालुओं में आपाधापी मच गयी. बारिश से बचने के लिए लोग यात्री शेड की ओर भागने लगे. प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर शेड नहीं होने के कारण यात्रियों को रेलवे की सीढ़ियों पर जाकर बारिश से बचने का प्रयास करना पड़ा. इससे एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने वाली सीढ़ियां पूरी तरह जाम हो गयीं.
प्लेटफार्म पर शेड और पेयजल की कमी
अधिकतर यात्री प्लेटफार्म संख्या एक की ओर जाने लगे, जहां पहले से ही भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. यात्रियों के अनुसार, प्लेटफार्म संख्या दो पर मानक के अनुरूप पर्याप्त शेड नहीं बनाया गया है. वहीं प्लेटफार्म संख्या एक पर भी यात्रियों की संख्या के हिसाब से शेड की लंबाई काफी कम है. स्टेशन पर पेयजल की भी भारी किल्लत है. यात्रियों के लिए मात्र एक शौचालय ही चालू स्थिति में है.
मेले के कारण स्टेशन पर बढ़ी भीड़
इस बार विषहर स्थान के पास झूला नहीं लगाया गया है. देसरी रेलवे मैदान में ही छोटे-बड़े झूले और सैकड़ों दुकानें लगायी गयी हैं. श्रद्धालु विषहर स्थान पर दूध चढ़ाने के बाद सीधे रेलवे मैदान पहुंच रहे हैं. इसके कारण देसरी रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ काफी बढ़ गयी है.
भीड़ संभालने को तैनात रहे जीआरपी जवान
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ जीआरपी जवानों को स्टेशन पर तैनात किया गया था. इसके बावजूद यात्री सुविधाओं की कमी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन से प्लेटफार्म पर पर्याप्त शेड, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. सुविधाओं के अभाव को लेकर लोगों में आक्रोश है.
