Hajipur News: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के जुड़ावनपुर गोपालपुर गांव के सामने गंगा नदी में रविवार को एक बड़ा मगरमच्छ दिखाई दिया. मगरमच्छ के दिखने से इलाके में हड़कंप मच गया. नदी किनारे मौजूद लोगों ने जैसे ही उसे पानी की सतह पर देखा, वहां अफरा-तफरी फैल गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गये.
पानी की सतह पर दिखा मगरमच्छ
स्थानीय लोगों के अनुसार, मगरमच्छ कुछ देर तक नदी की सतह पर दिखाई दिया और इसके बाद गहरे पानी में चला गया. घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों ने बच्चों और मवेशियों को नदी किनारे जाने से मना कर दिया है.
गंगा में स्नान करने और मछली पकड़ने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.
नदी किनारे नहीं जाने की दी गयी सलाह
ग्रामीणों का मानना है कि गंगा के जलस्तर में बदलाव के कारण जलीय जीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहे हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मगरमच्छ की निगरानी करने तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
फिलहाल, मगरमच्छ के कारण किसी व्यक्ति के घायल होने की कोई सूचना नहीं है.
मगरमच्छ को पकड़ने या करीब जाने से बचें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के किनारे अनावश्यक भीड़ न लगाएं. साथ ही मगरमच्छ को पकड़ने या उसके करीब जाने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गयी है.
Also Read: हाजीपुर में स्मैक के धंधे के पैसों को लेकर भिड़े तस्कर, दो पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 घायल
