Hajipur News : पछुआ हवा से बढ़ी सर्दी, दिन में धूप, रातें हुईं ठंडी

अब मौसम ने करवट ले ली है. पछुआ दिशा से चल रही ठंडी और सूखी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दिया है.

Hajipur News : हाजीपुर. अब मौसम ने करवट ले ली है. पछुआ दिशा से चल रही ठंडी और सूखी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दिया है. जिले में फिलहाल अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. रात और दिन में 12 डिग्री सेल्सियस का अंतर हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 10-15 दिनों तक दिन का तापमान लगभग दो से चार डिग्री और रात का तापमान भी दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. सुबह के समय कई स्थानों पर हल्का कोहरा छाया रहा. लोग मफलर और स्वेटर में नजर आये. ग्रामीण इलाकों में सुबह लोग अलाव तापते दिखे. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवा की दिशा पश्चिमी बनी रहने से नमी घटेगी और वातावरण शुष्क रहेगा. यह स्थिति त्वचा और श्वसन रोगियों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है. खेती पर पड़ेगा मिश्रित असर

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह मौसम खेती के लिए मिश्रित प्रभाव वाला है. फसलों को अत्यधिक नमी से राहत मिली है, लेकिन रात का तापमान गिरने से सब्जियों और फूलदार पौधों की वृद्धि प्रभावित हो सकती है.

स्वास्थ्य पर बढ़ा मौसम का असर

ठंड के इस शुरुआती दौर में स्वास्थ्य समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं. सदर अस्पताल और निजी क्लिनिकों में खांसी, सांस फूलना, सीने में जकड़न और एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ी है. डॉक्टरों का कहना है कि ठंडी और सूखी हवा सांस की नलियों को सिकोड़ देती है, जिससे अस्थमा और हृदय रोगियों को परेशानी हो सकती है. सदर अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि मरीज मास्क लगाकर ही बाहर निकलें और ठंडी हवा से बचें. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सुबह और देर शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. डॉक्टर ठंड से बचाव के लिए सुबह और देर शाम नाक-मुंह ढककर बाहर निकलने की सलाह दे रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >