हाजीपुर. गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के हाजीपुर-पटना मार्ग के तेरसिया मोड़ के पास शॉर्ट सर्किट के कारण सीएनजी बस में अचानक आग लग गयी. बस में आग लगते ही सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में बस से कूद कर जान बचायी. बस में आग लगने की सूचना मिलते ही गंगाब्रिज थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों तरफ वाहनों को रोक कर घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही तीन दमकल की टीम मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. पुलिस ने क्रेन की मदद से जले बस को हटा कर यातायात चालू करा दिया.
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सीएनजी बस रेलवे स्टेशन हाजीपुर से पैसेंजर लेकर पटना जा रही थी. इसी दौरान गंगाब्रिज थाना से महज चंद दूरी पर तेरिसिया मोड़ के पास अचानक बस के इंजन के पास आग लग गयी. बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी. लोग बस से कूद कर जान बचाए. बताया गया कि बस में लगभग 50 लोग सवार थे. बस में आग लगने की सूचना मिलते ही गंगाब्रिज थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए तथा घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी. हालांकि तबतक सिलेंडर में रिसाव के कारण आग विकराल रूप धारण कर लिया. जिससे बस धूधू कर जलने लगा. सूचना मिलते ही सहायक अग्निशामक पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंच गए. तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.बस में नहीं थी फायर सेफ्टी सिलेंडर
सहायक अग्निशामक पदाधिकारी ने बताया कि बस में फायर सेफ्टी सिलेंडर नहीं लगी है. जिसके कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि सीएनजी बस में फायर सेफ्टी की कोई व्यवस्था नहीं है. यात्रियों को लेकर चलने वाली बस में फायर सुरक्षा की व्यवस्था नहीं रहना खतरा से खाली नहीं है. बस में कम से कम दो सौ लीटर की कार्बन डाई-ऑक्साइड सिलेंडर का होना आवश्यक है. लेकिन बस के चालक द्वारा नियम की अनदेखी किया जाता है. जिससे आए दिन इस तरह की घटना होती रहती है.हाई-वे पर बीते 11 जनवरी तथा 22 जनवरी को भी लगी थी बस में आगमालूम हो कि बीते 22 जनवरी को भी हाजीपुर-पटना मार्ग के चौरसिया चौक पर एक सीएनजी कार में आग लग गयी थी. जिसमें कार सवार लोग बाल-बाल बच गये थे. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम तथा औद्योगिक थाना की पुलिस पहुंच कर आग पर काबू पाया था. वहीं 11 जनवरी को गांधी सेतु के 16 नंबर पाया के पास भी यात्री भरी बस में अचानक आग लगने से एक बड़ा हादसा टल गयी थी. बस पर सवार लोग कूद कर अपनी जान बचायी थी. बस में आग लगने पर पटना तथा हाजीपुर से पहुंची लगभग आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पायी थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
