hajipur news. पांच वेटलैंडों में करायी गयी जलीय पक्षियों की गणना

विभाग एवं मुंबई नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के तत्वावधान में बिहार में दो से 16 फरवरी तक हुआ वाटर बर्ड सेंसस

हाजीपुर, राज्य सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से एशियन जलीय पक्षी गणना 2025 का कार्य वैशाली जिले में रविवार को संपन्न हुआ. विभाग एवं मुंबई नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के तत्वावधान में बिहार में दो से 16 फरवरी तक वाटर बर्ड सेंसस का कार्य हुआ. जिले में जलीय पक्षी गणना कार्य के लिए एसएनएस कॉलेज हाजीपुर के जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं बर्ड एक्सपर्ट डॉ सत्येंद्र कुमार कोऑर्डिनेटर बनाये गये. डॉ सत्येंद्र ने जिले के पांच वेटलैंडों में पक्षियों की गणना 11 से 16 फरवरी तक करायी. हाजीपुर से लालगंज तक गंडक नदी, जंदाहा के बरैला वेटलैंड, राजापाकड़ के सलहा चंवर, लालगंज के पुरैनिया चंवर तथा हाजीपुर शहर के ताज बाग पोखर में पक्षियों की गणना की गयी. टीम में पटना यूनिवर्सिटी के जंतु विज्ञान की शोध छात्रा कोमल, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की शोध छात्रा अनुपमा जायसवाल, जेपी विश्वविद्यालय के शोध छात्र राजेश कुमार, राजन कुमार, आरएन कॉलेज के जंतु विज्ञान के छात्र कुमार अनंत, अभिषेक कुमार, पक्षी मित्र सरोज कुमार, कुमुद, अशोक, वनरक्षी संजीव कुमार, शालिनी प्रिया थीं. गणना कार्य वैशाली वन प्रमंडल पदाधिकारी अमित कुमार एवं लालगंज रेंजर सुनील कुमार व रंजीत कुमार राय के नेतृत्व में संपन्न हुआ. आखिरी दिन रविवार को लालगंज के पुरैनिया चंवर में पक्षियों की गणना हुई. डॉ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार जिले में जलीय पक्षियों की संख्या कम नजर आयी. पुरैनिया चंवर में जहां पिछले साल पानी काफी था, आज सूखा हुआ है. लोगों को पक्षियों के संरक्षण की दिशा में आगे आने की जरूरत है. पक्षी संरक्षण को लेकर जागरूक नहीं हुए तो अगली पीढ़ी बिहार के बहुत सारे पक्षियों को किताब की फोटो में ही देख पायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >