हाजीपुर में पशु व्यवसायी हत्याकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार; पिस्टल और कारतूस बरामद

हाजीपुर में पशु व्यवसायी की हत्या मामले में पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। मुख्य लाइनर समेत तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Hajipur News : महुआ थाना क्षेत्र के फुदेनी पोखर के पास एक सितंबर को लूटपाट के दौरान पशु व्यवसायी पिता-पुत्र को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. घटना में पशु व्यवसायी हुसैनीपुर गांव निवासी लक्ष्मण राय की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जबकि उनका पुत्र मिथिलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, चार कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है. मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

विशेष टीम ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच से जोड़े तार

एसएसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए महुआ एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी थी. टीम में महुआ थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ डीआइयू को भी शामिल किया गया था. पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की.

बगहिया पुल के पास दो अपराधी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंगलवार को बगहिया पुल के पास से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कच्ची पक्की थाना क्षेत्र के सुस्ता माधोपुर गांव निवासी महेंद्र राय के पुत्र मनीष कुमार और सीतामढ़ी जिले के महिंदवारा थाना क्षेत्र के शुगरी डीह गांव निवासी सिकंद्र राय के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है.

पशु हाट से ही व्यवसायी पर नजर रख रहा था लाइनर

पुलिस के अनुसार, पशु हाट से ही एक लाइनर व्यवसायी के पीछे लगा हुआ था. उसे अंदेशा था कि व्यवसायी के पास करीब दो लाख रुपये हैं. आरोप है कि इसी लाइनर ने तीन अपराधियों को बुलाकर लूट की घटना को अंजाम दिलाया. पूछताछ में गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने पुलिस को घटना में अपनी संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी है.

लाइनर और एक अन्य की तलाश में छापेमारी

एसएसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने लाइनर समेत एक अन्य व्यक्ति के बारे में भी जानकारी दी है. पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

गिरफ्तार आरोपितों का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. मनीष कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर सदर थाना में ट्रक चोरी, मनिहारी थाना में आर्म्स एक्ट और गोरौल थाना में लूट का मामला दर्ज पाया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >