Hajipur News: महनार थाना क्षेत्र के नारायणपुर देढ़पुरा पंचायत अंतर्गत मनिकपट्टी गांव में शनिवार देर रात एक घर में घुसकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित परमेश्वर राय ने महनार थाना में आवेदन देकर पड़ोस के दो युवकों को नामजद आरोपित बनाया है.
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि घटना की रात परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे. इसी दौरान बहू और बेटी के कमरे की खुली खिड़की से दो युवक घर में प्रवेश कर गए.
सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार होने का आरोप
आवेदन के अनुसार, आरोपित छत के रास्ते कमरे तक पहुंचे और बैग में रखे सोने की चेन, मंगलसूत्र, ढोलना, अंगूठी समेत अन्य कीमती आभूषण तथा 16 हजार रुपये नकद लेकर भागने लगे. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है. परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर घर में अफरा-तफरी मच गई.
पीछा करने पर दी गोली मारने की धमकी
परमेश्वर राय ने बताया कि बहू और बेटी के शोर मचाने पर उन्होंने आरोपितों का पीछा किया. इस दौरान दोनों युवकों ने उन्हें धक्का दिया और गोली मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. पीड़ित का दावा है कि भागने के दौरान आरोपितों का एक मोबाइल फोन और एक चप्पल घर के बरामदे में ही छूट गया, जिसे पुलिस के समक्ष साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है.
दो युवकों को बनाया गया नामजद आरोपित
आवेदन में स्वर्गीय हरेंद्र राय के पुत्र राहुल कुमार एवं रोहित कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है. मामले में महनार थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अब्दुल्ला टीओपी को भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
