Seva Sankalp Abhiyan: हाजीपुर के सर्किट हाउस में बुधवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने प्रेस वार्ता की. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. अभियान के तहत सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ा
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा और जनसेवा के लिए समर्पित रहा है. उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी. 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे.
उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों में प्रधानमंत्री ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाकर गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है.
धारा 370 से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख
नित्यानंद राय ने धारा 370 की समाप्ति, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, ईडब्ल्यूएस वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इन कार्यों से देश की दिशा और दशा में बदलाव आया है.
प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू होगा अभियान
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी. शाम सात बजे सरकारी योजनाओं के लाभार्थी अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेंगे. इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रक्तदान भी करेंगे.
स्कूल-कॉलेजों में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्कूल और कॉलेजों में चित्रकला, भाषण समेत अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. वहीं, 1 से 7 अक्टूबर तक सेवा शिविर लगाए जाएंगे. 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित करने की भी योजना है.
हर नागरिक से 25 मिनट सेवा कार्य करने की अपील
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक नागरिक से कम से कम 25 मिनट सेवा कार्य करने की अपील की जाएगी. इसका उद्देश्य लोगों को सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जोड़ना है.
17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ का प्रस्तावित कार्यक्रम
अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ आयोजित करने का प्रस्ताव है. इसमें करीब सवा लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गायन का कार्यक्रम प्रस्तावित है.
प्रेस वार्ता के दौरान हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा समेत अन्य वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे.
