रक्षाबंधन के बाद पत्नी-भाई संग घर लौट रहा था युवक, अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत; 4 घंटे जाम रहा हाजीपुर-महनार मार्ग

रक्षाबंधन पर ससुराल से लौटते समय एक परिवार पर कहर टूट पड़ा. बिदुपुर स्टेशन रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.

Hajipur News: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन रोड पर शुक्रवार की देर रात एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार ठोकर मार दी. इस भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए बिदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के सहदुल्लहपुर चकफुल गांव निवासी मूरत पासवान के 25 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है. वहीं हादसे में मृतक की पत्नी और उसका चचेरा भाई सन्नी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सन्नी की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल, हाजीपुर रेफर कर दिया.

रक्षाबंधन पर ससुराल से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

मृतक के परिजनों ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में कुंदन कुमार अपनी पत्नी और चचेरे भाई सन्नी के साथ ससुराल गया था. शुक्रवार की देर रात तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव चकफुल लौट रहे थे. इसी दौरान बिदुपुर स्टेशन रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी. सीएचसी में युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा.

सड़क जाम करते आक्रोशित लोग | Prabhat Khabar Network

मुआवजे की मांग को लेकर सैदपुर गणेश चौक पर चक्का जाम

शनिवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के उपरांत शव गांव पहुंचते ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने शव को हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग स्थित सैदपुर गणेश चौक पर बीच सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया. प्रदर्शनकारी मृतक के आश्रितों को उचित सरकारी मुआवजा देने और फरार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. सड़क जाम के चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलते ही बिदुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.

सड़क जाम करते आक्रोशित लोग | Prabhat Khabar Network

ट्रैफिक थाना भेजा गया आवेदन, जांच में जुटी पुलिस

मामले को लेकर बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हुई है, जबकि दो अन्य घायल हैं. आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर तथा अज्ञात वाहन को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर सड़क जाम समाप्त कराया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसे नियमानुसार कार्रवाई एवं सरकारी मुआवजा दिलाने के लिए ट्रैफिक थाने को अग्रेषित कर दिया गया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है.

Also Read: ट्रेनों में मोबाइल चोरी का अनोखा तरीका, चार्जिंग पॉइंट पर डमी फोन लगाकर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >