Hajipur News: मानव व्यापार, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान को बिहार में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है. इस उपलब्धि के लिए संस्थान को पुलिस मुख्यालय, पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
एडीजी ने प्रदान किया प्रशस्ति पत्र
यह सम्मान अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार, पटना की ओर से प्रदान किया गया. संस्थान के अध्यक्ष राजीव कुमार ने गुरुवार को आयोजित समारोह में यह सम्मान ग्रहण किया.
ऑपरेशन नया सवेरा में किया बेहतर प्रदर्शन
संस्थान ने ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ अभियान के तहत बिहार के विभिन्न जिलों में मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी के मामलों में प्रभावी हस्तक्षेप करते हुए बड़ी संख्या में बच्चों और किशोरियों को मुक्त कराया. इसी उत्कृष्ट कार्य के आधार पर संस्थान को राज्य स्तर पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है.
बच्चों को बेहतर जीवन देने का लक्ष्य
संस्थान के सचिव डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि संस्था का उद्देश्य बिहार को मानव व्यापार, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी से मुक्त राज्य बनाना है. इसके लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ऑर्केस्ट्रा ग्रुप और अन्य माध्यमों से शोषण का शिकार बन रही लड़कियों को मुक्त कराने की दिशा में संस्था सक्रिय रूप से कार्य कर रही है. यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि बच्चों और किशोरियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया जा सके.
सामाजिक क्षेत्र में योगदान की मिली सराहना
संस्थान को मिले इस सम्मान पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है. लोगों का कहना है कि मानव तस्करी और बाल श्रम जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के खिलाफ संस्था का कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है.
