Bihar Crime News: बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. भारत और न्यूजीलैंड के टी-20 फाइनल मैच के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस घटना में एक नाबालिग की जान चली गई. यह घटना महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव की है. जहां 17 वर्षीय कुंदन कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.
भारत का विकेट गिरा, शुरू हो गई कहासुनी
जानकारी के मुताबिक जक्कोपुर गांव में कुछ युवक मोबाइल पर भारत और न्यूजीलैंड का फाइनल मैच देख रहे थे. इसी दौरान भारत का एक विकेट गिर गया. वहां मौजूद एक युवक ने जोर-जोर से हल्ला कर दिया. बस इसी बात पर दूसरे युवक को गुस्सा आ गया. दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि विवाद मारपीट में बदल गया.
जमीन पर पटक कर किया सिर पर हमला
बताया जा रहा है कि गुस्से में आरोपी युवक ने 17 वर्षीय कुंदन कुमार को जमीन पर पटक दिया. इसके बाद उसके सिर पर जोरदार हमला कर दिया. हमले में कुंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास के लोग तुरंत उसे इलाज के लिए महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए.
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हाजीपुर में भी स्थिति नाजुक बनी रही. इसके बाद डॉक्टरों ने उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की सलाह दी. लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया.
परिवार में मातम, गांव में तनाव
मृतक की पहचान 17 वर्षीय कुंदन कुमार के रूप में हुई है. वह जक्कोपुर वार्ड संख्या 18, नगर परिषद महनार का रहने वाला था. उसके पिता का नाम बृजकिशोर राय है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक छोटे से विवाद ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं.
आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान केशव कुमार के रूप में हुई है. वह पड़ोस का ही रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के बाद से आरोपी का परिवार घर में ताला लगाकर फरार हो गया है. महनार के एसडीपीओ प्रवीण कुमार एफएसएल टीम के मामले की जांच कर रहे हैं. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
Also Read: 5 साल में रुकेगा बिहार से पलायन, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बोले- हर मजदूर को यहीं मिलेगा रोजगार
