ई-रिक्शा चोरी के शक में युवक की पिटाई, पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ा, संदिग्ध स्थिति में हुई मौत

Hajipur News : मृतक की पहचान खपुरा गांव निवासी बहोरण राय के 18 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि ई-रिक्शा मालिक के परिजनों ने सन्नी की बेरहमी से पिटाई की

Hajipur News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के खानपुर पकड़ी पंचायत अंतर्गत खपुरा गांव में ई-रिक्शा चोरी के संदेह में एक 18 वर्षीय युवक की कथित पिटाई के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतक की पहचान खपुरा गांव निवासी बहोरण राय के 18 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि ई-रिक्शा मालिक के परिजनों ने सन्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई.

चांदपुर से चोरी हुई थी ई-रिक्शा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को चांदपुरा सैदाबाद निवासी कैलाश सिंह का ई-रिक्शा चोरी हो गया था. वाहन की तलाश के दौरान कुछ लोगों ने चोरी में सन्नी कुमार के शामिल होने की आशंका जताई. इसके बाद शुक्रवार को उसे पकड़कर कथित तौर पर मारपीट की गई और ई-रिक्शा के संबंध में पूछताछ की गई.

पुलिस ने पूछताछ के बाद रात 10 बजे छोड़ दिया

बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे सन्नी को चकसिकंदर ओपी पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने पूछताछ के बाद रात करीब 10 बजे उसे छोड़ दिया और घर पहुंचा दिया. शनिवार तड़के उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

मौत के बाद परिजनों ने कैलाश सिंह के परिजनों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी. वहीं, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि सन्नी पर पहले भी चोरी के आरोप लग चुके थे और वह दो बार जेल भी जा चुका था. हालांकि, कुछ लोगों के बीच मौत के अन्य कारणों की भी चर्चा है. इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

फोरेंसिंक टीम कई साक्ष्य एकत्र किए

सूचना मिलते ही बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए. पुलिस ने शव का इंक्वेस्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है.

थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

Also Read: वैशाली: बिजली व्यवस्था में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार, DM ने जल्द सुधार के दिए निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kaif ahmed

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >