नौ मिनट तक दुकान में लूट की घटना को अंजाम देते रहे हथियारबंद अपराधी

दो बाइक पर सवार छह की संख्या बदमाशों ने दुकान पर धावा बोला था. मार्केट के ऊपरी मंजिल पर हुई इस लूट की घटना ने पुलिस व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है.

गोरौल. गोरौल थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर शुक्रवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स की दुकान में हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने नौ मिनट तक दहशत का माहौल बनाते हुए लगभग 20 लाख रुपये की ज्वेलरी लूट ले गये. दो बाइक पर सवार छह की संख्या बदमाशों ने दुकान पर धावा बोला था. मार्केट के ऊपरी मंजिल पर हुई इस लूट की घटना ने पुलिस व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है. एसपी के साथ महुआ और लालगंज के दो-दो एसडीपीओ की थाना क्षेत्र में उपस्थिति के बावजूद इस घटना ने व्यापारी वर्ग को दहशत में ला दिया है. बताया जाता है कि शुक्रवार की दोपहर लगभग 1 बजे दो बाइक पर सवार जब छह बदमाश दुकान के पास पहुंचे और पिस्टल निकाला तो हड़कंप मच गया.

बदमाश अपने साथ लेकर पहुंचे थे बैग : दुकानदार अरुण कुमार साह ने बताया कि अपराधी महज नौ मिनट में पूरी लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये. घटना के समय दुकान में कोई ग्राहक मौजूद नहीं था. दुकान में घुसते ही बदमाशों ने दुकानदार के साथ मारपीट की और लाकर की चाभी मांगी. चाभी लेकर बदमाशों ने अपने साथ लाये बैग में ही आभूषण भरने लगे. उसी बैग में आभूषण भर कल बदमाश भाग निकले.

हथियार के बल बदमाशों ने फैलाई दहशत, दुकान के बाहर पिस्टल लहराते रहा बदमाश : जिस ज्वेलरी दुकान में लूट हुई है, उसके ठीक बगल के कपड़ा दुकानदार सुनील साह एवं सुधीर साह को भी बदमाशों ने पिस्टल के बल पर कब्जे में लिया. बताया जाता है कि लूट की घटना को अंजाम देने तक लगभग 09 मिनट तक दो बदमाश दुकान के बाहर पिस्टल लहराते रहे. इसमें से एक बदमाश दुकान के नीचे और दूसरा बदमाश ऊपरी मंजिल पर ज्वेलरी दुकान के बाहर पिस्टल लहराते रहा. लेकिन इस दौरान किसी ने भी पुलिस को ना तो सूचना दी और ना ही बदमाशों का विरोध किया.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस : सूचना पर एसपी ललित मोहन शर्मा, महुआ एसडीपीओ दुर्गा शक्ति सहित कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. दुकान में सीसीटीवी नहीं होने पर पुलिस आसपास के दुकानों में सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरु किया. इस दौरान बदमाशों की तस्वीर कैद हुई, लेकिन बदमाशों के नकाब लगाने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पायी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी में जुट गयी है.

गोरौल में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यवसायी आक्रोशित : गोरौल में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय ज्वेलर्स दुकानदारों में जबरदस्त आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है. दुकानदारों का कहना है कि वे लंबे समय से अपराधियों के निशाने पर हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन की उदासीनता के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. स्थानीय ज्वेलर्स श्याम साह, रमेश साह, अशोक साह, कुमोद साह, जीतू साह और राहुल सोनी ने बताया कि कभी रात में दुकान का ताला तोड़ा जाता है, तो कभी दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की घटनाएं हो रही हैं. हाल के वर्षों में कई आपराधिक घटनाएं गोरौल बाजार में हो चुकी हैं. लेकिन किसी भी मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >