Hajipur News: गोरौल थाना क्षेत्र के एक गांव में ट्यूशन पढ़ने जा रही 14 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता नौवीं कक्षा की छात्रा बतायी जा रही है. घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर 48 घंटे बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी. एसडीपीओ के निर्देश के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
ट्यूशन जाने के दौरान बाइक सवार युवकों पर आरोप
परिजनों के अनुसार, छात्रा शनिवार शाम साइकिल से प्रेमराज की ओर ट्यूशन पढ़ने जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया. आरोप है कि आरोपी छात्रा को जबरन पास के मकई खेत में ले गये और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.
बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंची पीड़िता
घटना के बाद छात्रा बेहोशी की हालत में मिली, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया. सूचना मिलने के बाद गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
48 घंटे बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
परिजनों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. उनका आरोप है कि पुलिस द्वारा आवेदन में बदलाव करने का दबाव बनाया गया. लोगों में बढ़ते आक्रोश के बाद घटना के करीब 48 घंटे बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की.
एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मामला
पीड़िता के परिजनों ने मजीराबाद गांव निवासी आलोक कुमार उर्फ प्रद्युम्न कुमार को नामजद आरोपी बनाया है. वहीं एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.
मेडिकल जांच के बाद न्यायालय में दर्ज होगा बयान
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गयी है और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
