TB-Free India Campaign : हाजीपुर के समाहरणालय परिसर स्थित पुष्करणी सभागार में सोमवार को टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए सभी स्वास्थ्यकर्मियों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया.
पाँच प्रमुख संकेतकों की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में अभियान के पाँच प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की बिंदुवार समीक्षा की गई. इसमें टीबी स्क्रीनिंग, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, टीबी प्रिवेंटिव थेरेपी, एक्स-रे जांच, निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्रों के माध्यम से फूड बास्केट उपलब्ध कराने की प्रगति का आकलन किया गया.
समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश
सभी संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. संभावित टीबी मरीजों की समय पर स्क्रीनिंग, बीमारी की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार शुरू करने, संपर्क में आए लोगों को टीबी प्रिवेंटिव थेरेपी उपलब्ध कराने तथा पात्र मरीजों को निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्रों के माध्यम से पोषण सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया.
मॉनिटरिंग और डाटा की शुद्धता पर विशेष फोकस
कार्यशाला में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित मॉनिटरिंग, डाटा की शुद्धता बनाए रखने और फील्ड स्तर पर सतत अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने कहा कि बेहतर निगरानी और समय पर कार्रवाई से टीबी उन्मूलन अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है.
जिला पदाधिकारी ने जनभागीदारी बढ़ाने की अपील
जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी का व्यापक अभियान है. उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, निक्षय मित्रों और आम नागरिकों के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने तथा टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में सिविल सर्जन, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), जिला स्वास्थ्य समिति के पदाधिकारी, सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर, सीनियर टीबी लैब सुपरवाइजर सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी संबंधित अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
Also Read : वैशाली के छात्राओं को मिलेगा तकनीकी शिक्षा के साथ नौकरी की तैयारी का मौका, जानिए पूरी खबर
