hajipur news . एटीएम फ्रेंचाइजी संचालक के बेटे से पांच लाख रुपये लूट का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

कोढ़ा गैंग के सदस्य सिंटू ग्वाला ने अपने एक साथी के साथ मिलकर 29 मार्च को लूटे थे रुपये, दो अप्रैल को पुलिस ने उसके घर से लूट के चार लाख रुपये किये थे बरामद

हाजीपुर. नगर थाना क्षेत्र के यादव चौक के पास 29 मार्च को एटीएम फ्रेंचाइजी संचालक के पुत्र एवं स्टाफ से पांच लाख रुपये लूट मामले में नगर थाना की पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपित कोढ़ा गैंग के एक बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पकड़ा गया सिंटू ग्वाला पश्चिम बंगाल के जलपाइगुड़ी जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के फटापुकुर गांव निवासी अधिक ग्वाला का पुत्र है. पुलिस गिरफ्तार बदमाश के घर में छापेमारी कर लूटी गयी राशि में से चार लाख रुपये पहले ही बरामद कर चुकी है. यह जानकारी एसपी ने गुरुवार को प्रेस बयान जारी कर मीडिया को दी.

29 मार्च को नगर थाना में दर्ज करायी गयी थी प्राथमिकी

: 29 मार्च को नगर थाना क्षेत्र के जेपी कॉलोनी निवासी सुबोध कुमार की पत्नी सुनीता यादव ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. दर्ज प्राथमिकी में बताया गया था कि उसका पुत्र संस्कार कुमार एवं उसका एक स्टाफ रामबाबू महतो डाकबंगला रोड स्थित एचडीएफसी बैंक से पांच लाख रुपये निकासी कर इंडिया वन एटीएम में डालने जा रहे थे. इसी दौरान यादव चौक पर बाइक सवार बदमाश रुपये से भरा थैला झपट कर फरार हो गया था. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए नगर थाना की पुलिस पदाधिकारियों की एक टीम बनायी गयी थी. टीम में डीआइयू भी शामिल थी. टीम के पदाधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कोढ़ा गैंग के बदमाश सिंटू ग्वाला के रूप में पहचान की थी.

गिरफ्तार बदमाश कई थानों की पुलिस के लिए था वांछित

बताया गया कि घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान करने के बाद उसे गिरफ्तार करने के लिए कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र नयाटोला, जुरावगंज में छापेमारी की थी, लेकिन वह भागने में सफल हो गया था. पुलिस ने उसके घर से चार लाख रुपये बरामद किया था. इस मामले में पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान बीते बुधवार को वैशाली पुलिस की सूचना पर कटिहार के कोढ़ा थाना की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस कटिहार से उसे लेकर आयी है.

बताया गया कि गिरफ्तार बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगालने पर पता चला कि वह कई थानों की पुलिस का वांछित था. बताया गया कि उसके विरुद्ध पटना के सचिवालय थाना में छिनतई के एक, सारण जिले के दिघवारा थाना में हत्या के एक, मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना में हत्या के एक तथा नगर थाना में छिनतई के एक मामले दर्ज हैं. बताया गया कि पूछताछ में सिंटू ने लूटी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. पूछताछ के आधार पर अन्य बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GOPAL KUMAR ROY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >