Gopalganj News: बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद ने कहा कि बेटियों का सशक्तीकरण ही विकसित समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है. सरकार सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. वह सोमवार को पंचदेवरी प्रखंड के बनकटिया स्थित ओबीसी कन्या आवासीय प्लस टू विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं.
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक विकास की रोशनी पहुंचाना है. इसी सोच के तहत राज्य के सभी जिलों में ओबीसी कन्या आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं, जहां छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं.
अधिक से अधिक छात्राओं का नामांकन कराने की अपील
मंत्री रमा निषाद ने अभिभावकों से विद्यालय में अधिक से अधिक छात्राओं का नामांकन कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है. इस विद्यालय से पढ़कर बेटियां कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल कर सकती हैं. सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और विभिन्न योजनाओं का लाभ छात्राओं तक पहुंचाया जा रहा है.
छात्राओं से कहा- मन लगाकर पढ़ें और बड़ा लक्ष्य तय करें
छात्राओं को प्रेरित करते हुए मंत्री ने कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करें तथा जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें. उन्होंने कहा कि यहां से पढ़कर छात्राएं आईएएस, आईपीएस समेत किसी भी उच्च पद तक पहुंच सकती हैं.
अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान उनका भी सपना आईएएस बनने का था. उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य हमेशा बड़ा रखना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए.
छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रमा निषाद ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि यदि विद्यालय में किसी भी प्रकार की कमी हो तो उसकी जानकारी तत्काल दें, ताकि उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके.
उन्होंने छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने पर सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि की जानकारी भी दी और उसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता जगदंबा राम ने किया. इस अवसर पर बीडीओ आयुष राज आलोक, जीविका के बीपीएम निरजेश वर्मा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अशोक प्रसाद गुप्ता, विद्यालय के प्राचार्य संतोष यादव, जदयू नेता अनुग्रह नारायण दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मिश्र, दीपक वर्णवाल, चंद्रभान मिश्र, पप्पू कुमार, रोहित कुमार, मणि पांडेय, पूर्व प्रमुख वीरेंद्र मधेशिया, पूर्व मुखिया चमचम श्रीवास्तव, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अनिल राय, युवा नेता संदीप पुष्पक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस
