उत्तराखंड टनल हादसा: भोरे के पिता-पुत्र समेत तीन मजदूर घायल, 20 वर्षीय रोहित एम्स में लड़ रहा जिंदगी की जंग

उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन टनल में भीषण हादसे ने गोपालगंज के परिवारों को झकझोर दिया है. भोरे प्रखंड के पिता-पुत्र समेत तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें 20 वर्षीय रोहित पांडेय की हालत नाजुक है. मासूम बेटी को सीने से लगाए पत्नी बदहवास है, वहीं बुजुर्ग दादा-दादी ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं.

Gopalganj News: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में मूसलाधार बारिश के बाद पानी भरने व मलबा धंसने से हुए भीषण हादसे का दर्द गोपालगंज के भोरे तक पहुंच गया है. इस दर्दनाक हादसे में भोरे प्रखंड के कल्याणपुर कुंभी टोला निवासी अवधेश पांडेय और उनका 20 वर्षीय पुत्र रोहित पांडेय तथा दिउलिया गांव निवासी नंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों में रोहित पांडेय की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.

अवधेश पाण्डेय की फाइल फोटो| Prabhat Khabar Network

एक माह पहले ही कमाने गया था 20 वर्षीय रोहित

परिजनों ने बताया कि अवधेश पांडेय पहले से ही चमोली में बन रहे टनल प्रोजेक्ट में कार्यरत थे. परिवार की आर्थिक स्थिति को संबल देने के लिए उन्होंने महज एक माह पूर्व ही अपने 20 वर्षीय बेटे रोहित पांडेय को भी वहां काम पर बुलाया था. रोहित अभी वहां काम सीख ही रहा था कि अचानक कुदरत के कहर ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया. टनल में अचानक पानी भरने और भारी मलबा धंसने से पिता-पुत्र दोनों ही उसकी चपेट में आ गए.

साथ में खड़े भाई बहन| Prabhat Khabar Network

मासूम बेटी को सीने से लगाए बदहवास हुई पत्नी, बिलख पड़े दादा

घटना की सूचना जैसे ही रोहित के बुजुर्ग दादा बिशुनी पांडेय को चमोली जिला प्रशासन द्वारा फोन पर दी गई, घर में कोहराम मच गया. रोहित की शादी हो चुकी है और उसकी एक छोटी सी दूधमुंही बेटी है. पति के गंभीर रूप से घायल और वेंटिलेटर पर होने की खबर सुनते ही पत्नी गुंजा पांडेय बदहवास हो गई हैं. घर पर मौजूद छोटा भाई मनीष कुमार पांडेय और बहन प्रीति कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं बेटे और पोते की सलामती के लिए दादा बिशुनी पांडेय और दादी हाथ जोड़े दिन-रात ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं.

पत्नी और उसकी गोद में रोहित की बेटी | Prabhat Khabar Network

बदहवास हालत में ऋषिकेश रवाना हुई मां

हादसे की मनहूस खबर मिलने के बाद रोहित की मां सुबह ही ग्रामीणों के सहयोग से ऋषिकेश के लिए रवाना हो गईं. गांव में हर कोई रोहित की सलामती की दुआ कर रहा है. कल्याणपुर कुंभी टोला और दिउलिया गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण लगातार टनल हादसे और घायलों के स्वास्थ्य की पल-पल की जानकारी लेने में जुटे हैं.

रोते हुए दादा| Prabhat Khabar Network

Also Read: 2 सगे भाइयों समेत बिहार के 4 लोग उत्तराखंड टनल हादसे के शिकार, गंभीर हालत में एक श्रीनगर रेफर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुरेश राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >