मॉडल सदर अस्पताल में सिर्फ तीन दिन अल्ट्रासाउंड, बाकी दिन मरीजों को निजी क्लीनिक का सहारा

गोपालगंज. मॉडल सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा सीमित होने से मरीजों में नाराजगी बढ़ रही है.

गोपालगंज. मॉडल सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा सीमित होने से मरीजों में नाराजगी बढ़ रही है. अस्पताल में सप्ताह में मात्र तीन दिन सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को ही अल्ट्रासाउंड की जांच की जाती है, जबकि बाकी चार दिन मशीन बंद रहती है. इस कारण जरूरतमंद मरीजों को मजबूरन निजी क्लिनिकों में छह सौ से आठ सौ रुपये खर्च कर जांच करानी पड़ती है. सदर अस्पताल के ओपीडी में बुधवार को इलाज कराने आयी महिला मरीज रानी देवी ने बताया कि वह बुधवार को जांच के लिए पहुंचीं, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने कहा कि जांच नहीं होगी. उन्हें निजी क्लीनिक में नौ सौ रुपये देकर जांच करानी पड़ी. वहीं गुड़िया कुमारी ने कहा कि दो दिनों तक नंबर लगाने के बाद भी जांच नहीं हो सकी. पिंकी देवी ने बताया कि गरीब परिवारों के लिए यह सबसे बड़ी परेशानी है , सरकारी अस्पताल में जांच की उम्मीद लेकर आने के बावजूद उन्हें लौटना पड़ता है. सविता देवी और मीना कुमारी ने बताया कि कई बार अस्पताल परिसर में कुछ दलाल सक्रिय रहते हैं, जो मरीजों को निजी क्लीनिक भेज देते हैं. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए ताकि गरीब मरीजों का शोषण नहीं हो. स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला मरीज अल्ट्रासाउंड के लिए आती हैं, लेकिन जांच सप्ताह में तीन दिन होने से लंबी कतारें लगती हैं और ज्यादातर मरीजों को बिना जांच के लौटना पड़ता है. सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि फिलहाल तकनीशियन की कमी के कारण परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि विभाग को रिपोर्ट भेज दी गयी है और जल्द ही अतिरिक्त तकनीशियन की तैनाती के बाद मरीजों को प्रतिदिन अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GOVIND KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >