Gopalganj News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित दौरे को लेकर थावे में तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. थावे स्थित होमगार्ड मैदान को कार्यक्रम के लिए तैयार किया जा रहा है. वहीं बिहार के प्रमुख सिद्धपीठ थावे मंदिर परिसर में भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गयी है.
इसी को लेकर गुरुवार को थावे मंदिर न्यास समिति की बैठक कोषाध्यक्ष दरोगा राय की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में न्यास समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय पदाधिकारी भी शामिल हुए. बैठक में मंदिर परिसर की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी और तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक के दौरान मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि चल रहे कार्यों में तेजी लाते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरी कर ली जाएं.
वीआईपी आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. बैठक में श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने, सुचारु आवागमन और मंदिर परिसर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अहम निर्णय लिये गये.
न्यास समिति ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए.
बैठक में बीडीओ प्रियांशी प्रिया, सीओ सुधीर कुमार ओंकारा, थानाध्यक्ष विभा कुमारी, राजद जिलाध्यक्ष सह न्यास समिति सदस्य दिलीप सिंह, ओम प्रकाश राय, मंदिर के प्रधान पुजारी संजय पांडेय, इंजीनियर संजीव कुमार, टीओपी प्रभारी धीरज कुमार, अमरेंद्र दुबे सहित अन्य पदाधिकारी और न्यास समिति के सदस्य मौजूद रहे.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
