गोपालगंज: थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला गांव में आपसी पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट के दौरान एक दंपति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान विदेशी टोला निवासी कृष्णा कुमार और उनकी पत्नी वंदना देवी के रूप में हुई है. दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
विवाद के बाद दंपति पर हमला करने का आरोप
बताया जाता है कि विवाद कृष्णा कुमार और उनके बड़े भाई अमित कुमार के बीच हुआ था. आरोप है कि अमित कुमार, उनकी पत्नी सुमन देवी और बेटे अमन कुमार ने मिलकर कृष्णा कुमार और उनकी पत्नी वंदना देवी के साथ मारपीट की. इसी दौरान दोनों को रस्सी से बांधकर गला घोंटने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है.
आसपास के लोगों ने बचायी जान
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर दंपति को बचाया. इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों की देखरेख में दोनों का इलाज जारी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद थावे थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
