Gopalganj Teacher News : गुरुजी के जन्मतिथि में गोलमाल पर शिक्षा विभाग एक्शन में आ गया है. भाईयों के जन्मदिन में महज चार माह 25 दिन का अंतर पर विभाग बड़ी कार्रवाई है. कटेया प्रखंड के सरकारी स्कूलों में तैनात दो नियोजित शिक्षकों की जन्मतिथि का मामला अब शिक्षा विभाग के लिए गले की फांस बन गया है.
विभागीय अभिलेख में दर्ज जन्मतिथि को लेकर उठे सवालों के बाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुलतानपुर के शिक्षक विजय कुमार शर्मा और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कल्हुआड़ बगही के शिक्षक संजय कुमार शर्मा पर अनुशासनिक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गयी है. शिकायत में दोनों को सहोदर भाई बताया गया है, जबकि उपलब्ध रिकॉर्ड में उनकी जन्मतिथियों के बीच महज चार माह 25 दिन का अंतर बताया गया है. विभाग ने इस अंतर को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए दोनों के विरुद्ध आरोप पत्र गठित किया है.
गोपालगंज की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
2024 में ही खुला था मामला, वेतन तक रोका गया
ग्राम पंचायत राज रामदास बगही के मुखिया ग्रिजेश कुमार शर्मा की शिकायत के बाद यह मामला सामने आया था. जिला शिक्षा कार्यालय ने 13 फरवरी 2024 को दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण और आवश्यक अभिलेख मांगे थे. इसी क्रम में उनका वेतन स्थगित किये जाने की कार्रवाई भी की गयी थी. बाद में नियोजन की वैधता और जन्म प्रमाण-पत्र से जुड़े तथ्यों की जांच कराने का निर्देश दिया गया.
शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया कि दोनों शिक्षकों के जन्म प्रमाण-पत्र में दर्ज जन्मतिथि में केवल चार माह 25 दिन का अंतर है. विभागीय पत्र में भी कहा गया है कि उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर शिकायत प्रथम दृष्टया सही प्रतीत होती है.
पत्र पर पत्र भेजे, फिर भी कार्रवाई की रफ्तार रही सुस्त
मामले में जिला शिक्षा कार्यालय से वर्ष 2024 से लेकर जुलाई 2026 तक प्रखंड नियोजन इकाई को कई पत्र भेजे गये. 29 मार्च 2024, 30 दिसंबर 2024 और 15 जुलाई 2026 के पत्रों में आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है. इसके बावजूद कार्रवाई लंबित रहने पर जिला स्तर से नाराजगी जतायी गयी है. विभागीय पत्र में प्रखंड नियोजन इकाई पर दोनों शिक्षकों को संरक्षण दिये जाने की बात भी कही गयी है.
दो साल बाद आरोप पत्र, रिपोर्ट सीधे डीएम को
डीईओ ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ अलग-अलग आरोप पत्र गठित किये गये हैं. आरोप पत्र में विभाग को गुमराह कर शिक्षक पद पर नियोजन कराने का आरोप लगाया गया है. प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सचिव, प्रखंड शिक्षक नियोजन इकाई, कटेया को अनुशासनिक कार्रवाई संचालित करने का निर्देश दिया गया है.
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भी संबंधित अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई में सहयोग करते हुए रिपोर्ट देने को कहा गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई का प्रतिवेदन तैयार कर जिला पदाधिकारी, गोपालगंज को भेजा जायेगा.
