दवा लेने सीवान गया था जावेद, सुबह बांसवाड़ी में मिली लाश... पिता ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप

25 वर्षीय जावेद आलम की सिवान में संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. दोस्त के साथ दवा लेने गया युवक सुबह बांसवाड़ी में मृत मिला. पिता ने बेटे की साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

Gopalganj News: श्रीपुर-गोपालपुर थाना क्षेत्र के साहेबगंज डेरवा गांव निवासी 25 वर्षीय युवक जावेद आलम की सिवान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मंगलवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा रहा. मृतक के पिता महबूब आलम ने बेटे की साजिश के तहत हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

दोस्त के साथ दवा लेने गया था सीवान

स्वजनों के अनुसार, जावेद सोमवार को श्रीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले अपने एक दोस्त के साथ दवा लेने सीवान गया था. देर रात परिजनों से फोन पर हुई बातचीत में उसने एक पार्टी में खाना खाने की बात बतायी थी. इसके बाद मंगलवार की सुबह रिश्तेदारों के माध्यम से परिजनों को जावेद की मौत की जानकारी मिली.

सूचना मिलने के बाद स्वजन मौके पर पहुंचे. वहां गांव से कुछ दूरी पर स्थित बांसवाड़ी के बीच एक चचरी पर जावेद का शव पड़ा मिला. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चर्चा का माहौल रहा, हालांकि लोग इस मामले में खुलकर कुछ भी बताने से बचते रहे.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया. मंगलवार की शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. जावेद अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था. उसकी मौत से छोटे भाइयों परवेज आलम और सोहेल आलम समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

पिता ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप

मृतक के पिता महबूब आलम ने बेटे की साजिश के तहत हत्या किये जाने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और परिस्थितियों को लेकर अभी पुलिस की जांच जारी है. पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिये हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस खंगाल रही मौत की वजह

पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है. जावेद किन परिस्थितियों में सिवान पहुंचा था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

इसे भी पढ़ें:  बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >