Education Department: कुचायकोट प्रखंड के करीब 140 विद्यालयों में बच्चों का एफआरएस में रजिस्ट्रेशन नहीं किये जाने को शिक्षा विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है. मामले में कुचायकोट के बीईओ अशोक कुमार सिंह ने संबंधित प्रधानाध्यापकों, प्रधान शिक्षकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विद्यालय प्रधानों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को सूचना भेजी जा सकती है.
बार-बार निर्देश के बाद भी नहीं हुआ रजिस्ट्रेशन
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि एफआरएस में बच्चों का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए विद्यालय प्रधानों को लगातार व्हाट्सएप और फोन कॉल के माध्यम से निर्देश दिया जाता रहा है. इसके बावजूद करीब 140 विद्यालयों में बच्चों का रजिस्ट्रेशन लंबित पाया गया है. इस स्थिति पर जिला कार्यालय की ओर से भी नाराजगी जतायी गयी है.
विभाग ने कार्य में गंभीर लापरवाही माना
विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि वरीय अधिकारियों के निर्देश के बावजूद बच्चों का रजिस्ट्रेशन नहीं कराना संबंधित विद्यालय प्रधानों की कार्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और आदेश की अवहेलना को दर्शाता है. शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों से जवाब मांगा है.
24 घंटे में देना होगा स्पष्टीकरण
संबंधित विद्यालय प्रधानों से पूछा गया है कि एफआरएस में बच्चों का रजिस्ट्रेशन नहीं कराने के कारण उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को क्यों नहीं सूचित किया जाये. नोटिस में 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है.
संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी कार्रवाई
बीईओ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है. विभागीय नोटिस जारी होने के बाद संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों में हड़कंप मचा हुआ है. अब विभाग की नजर लंबित रजिस्ट्रेशन पूरा कराने और 24 घंटे के भीतर मिलने वाले स्पष्टीकरण पर है.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
