गोपालगंज: मौसम के उतार-चढ़ाव से बढ़ी बीमारी, सदर अस्पताल में वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ी

गोपालगंज में बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है. सदर अस्पताल के इमरजेंसी और महिला वार्ड में वायरल संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं, जिससे मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, तापमान में उतार-चढ़ाव से रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है. भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है.

Gopalganj News: जिले में लगातार बदल रहे मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है. कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश और ठंडी हवा के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं. सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड और महिला वार्ड में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है.

अस्पताल में भर्ती मरीजों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शरीर में कमजोरी, गले में खराश, तेज बुखार और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं परेशान कर रही हैं. घर पर दवा लेने के बाद भी राहत नहीं मिलने पर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं.

डॉक्टरों के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. तापमान में उतार-चढ़ाव से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर इम्युनिटी वाले लोग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं.

इमरजेंसी वार्ड में बढ़ा मरीजों का दबाव

सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल पर भी दबाव बढ़ गया है. हालांकि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी लगातार मरीजों की जांच कर इलाज उपलब्ध करा रहे हैं.

डॉक्टरों ने लोगों से साफ-सफाई का ध्यान रखने, ठंडे और गर्म वातावरण से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है.

मरीजों ने बताई परेशानी

सदर अस्पताल में इलाज करा रही रीना देवी ने बताया कि पिछले दो दिनों से तेज बुखार और सर्दी-जुकाम की शिकायत थी. पहले हल्की परेशानी लगी, लेकिन बाद में तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. घर में दवा लेने के बाद भी आराम नहीं मिला, जिसके बाद अस्पताल आना पड़ा.

वहीं सुमन कुमारी ने बताया कि मौसम बदलते ही खांसी और गले में दर्द की समस्या शुरू हो गई. रात में ठंड और दिन में गर्मी के कारण परेशानी बढ़ गई.

कविता देवी ने बताया कि तीन दिनों से खांसी, बुखार और कमजोरी की शिकायत है. घरेलू इलाज से राहत नहीं मिलने के बाद अस्पताल में भर्ती होना पड़ा.

पूनम देवी ने बताया कि अचानक ठंड लगने के बाद तेज बुखार हो गया. नाक बहने और सिर दर्द की समस्या भी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद वायरल संक्रमण बताया है और इलाज के बाद धीरे-धीरे राहत मिल रही है.

भीड़ से बचने और सावधानी बरतने की सलाह

इमरजेंसी वार्ड में मौजूद डॉक्टर मनीष कुमार ने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मरीज बढ़ रहे हैं. खासकर सर्दी, खांसी और बुखार के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं.

उन्होंने कहा कि लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए. भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचें, साफ पानी का सेवन करें और तबीयत खराब होने पर समय पर डॉक्टर से संपर्क करें.

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish Raj

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >