Gopalganj Bhainsahi School : गोपालगंज के मांझा प्रखंड स्थित भैंसही पंचायत में जिला प्रशासन की तफ्तीश के दौरान सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत सामने आई. निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति, बंद नल-जल योजना, पीडीएस आपूर्ति में कमी और सोलर लाइटों की खराब हालत जैसी कई खामियां मिलीं.
Gopalganj Bhainsahi School : भैंसही पंचायत का किया निरीक्षण
डीएम समीर सौरभ के निर्देश पर एसडीओ अनिल कुमार ने शनिवार को भैंसही पंचायत का निरीक्षण किया. इस दौरान संबंधित विभागों को कमियों को जल्द दूर करने और योजनाओं के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए.
स्कूल में जर्जर भवन, बंद शौचालय और गायब समरसेबल मिला
एसडीओ अनिल कुमार ने प्राथमिक विद्यालय (कन्या), भैंसही का निरीक्षण किया. जांच के दौरान विद्यालय परिसर में पशुओं को बंधा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई. विद्यालय का भवन जर्जर मिला, जबकि शौचालय मरम्मत के अभाव में बंद था. छात्रों के लिए पेयजल की भी समस्या मिली, क्योंकि समरसेबल पंप गायब था.
बाउंड्रीवाल नहीं रहने से सुरक्षा पर उठे सवाल
निरीक्षण के दौरान विद्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते और चहारदीवारी (बाउंड्रीवाल) के अभाव को भी गंभीर समस्या माना गया. एसडीओ ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. हालांकि एनजीओ द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) संतोषजनक पाया गया.
पीडीएस दुकान में गेहूं की आपूर्ति नहीं मिलने से लाभार्थी परेशान
एसडीओ ने पंचायत की जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का भी निरीक्षण किया. जांच में पाया गया कि दुकानों पर गेहूं की आपूर्ति नहीं हुई थी और केवल चावल उपलब्ध था. इससे लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और नियमित बनाने के निर्देश दिए.
वार्ड संख्या-7 में बंद मिली हर घर नल-जल योजना
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 7, 8, 9 और 12 में हर घर नल-जल योजना की समीक्षा की गई. इस दौरान वार्ड संख्या-7 में पेयजल आपूर्ति बंद मिली. एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को योजना का नियमित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सोलर स्ट्रीट लाइटों की भी जांच, मरम्मत के निर्देश
भैंसही पंचायत में लगाए गए सोलर स्ट्रीट लाइटों का भी निरीक्षण किया गया. कई स्थानों पर लाइटों की मरम्मत और रखरखाव की जरूरत पाई गई. संबंधित एजेंसी को जल्द सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए.
एसडीओ बोले- कमियों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा दूर
एसडीओ अनिल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है. निरीक्षण के दौरान मिली सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाएगा.
Also Read : गोपालगंज में बाजार जाते समय गंडक नहर में गिरा युवक, एक दिन बाद मिला शव
