UGC और आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ गोपालगंज में सवर्ण समाज का मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

गोपालगंज में सवर्ण समाज ने यूजीसी और एससी/एसटी एक्ट के विरोध में मार्च निकाला। आर्थिक आरक्षण और कानूनों में सुधार की मांग को लेकर राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन।

UGC ROLL BACK : यूजीसी से जुड़े प्रावधानों और एससी-एसटी एक्ट को लेकर रविवार को गोपालगंज शहर में सवर्ण समाज के लोगों ने विरोध मार्च निकाला. शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए आरक्षण और समान अवसर की मांग को लेकर अपनी नाराजगी जतायी. प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला पदाधिकारी, गोपालगंज के माध्यम से सौंपा गया.

शहर की सड़कों पर निकला विरोध मार्च

प्रदर्शन में सामान्य वर्ग के साथ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और समाज के विभिन्न वर्गों के बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठायी. इस दौरान यूजीसी से जुड़े प्रावधानों पर पुनर्विचार और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग प्रमुखता से रखी गयी.

आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आरक्षण व्यवस्था की समय-समय पर निष्पक्ष और तथ्यपरक समीक्षा करने की मांग की. उनका कहना था कि आरक्षण का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद और वंचित लोगों तक पहुंचना चाहिए. साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आरक्षण का लाभ देने की मांग भी उठायी गयी.

राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

विरोध मार्च के बाद प्रदर्शनकारियों की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला पदाधिकारी, गोपालगंज के माध्यम से सौंपा गया. ज्ञापन में यूजीसी से संबंधित प्रावधानों पर व्यापक पुनर्विचार करने तथा आवश्यकता के अनुसार संशोधन या वापसी की मांग की गयी. इसके साथ ही सभी नागरिकों के लिए समान अवसर और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी गयी.

आयोजकों ने कहा- आंदोलन किसी जाति के खिलाफ नहीं

आयोजकों ने कहा कि यह आंदोलन किसी जाति या वर्ग के खिलाफ नहीं है. उनका उद्देश्य समानता, सामाजिक समरसता, निष्पक्षता और संवैधानिक अधिकारों की भावना के अनुरूप व्यवस्था में सुधार की मांग करना है. प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और आयोजकों के अनुसार लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मर्यादाओं का पालन किया गया.

अधिवक्ताओं समेत सैकड़ों लोग हुए शामिल

प्रदर्शन में अधिवक्ता राकेश कुमार, अधिवक्ता विनोद सिंह, विजय तिवारी, अधिवक्ता अजय ओझा, मनोज सिंह, राजीव रंजन सिंह, सन्नी सिंह, विकास, राम कुमार सिंह, प्रकाश सिंह, राज कुमार पाण्डेय, कमलेश प्रसाद, जय राम सिंह, राजू पटेल, विकास कुमार सिंह, अनीश सिंह, जावेद अख्तर, ब्रजेश्वर सिंह, संतोष तिवारी और डॉ. नौशाद आलम सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवधेश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >